{"_id":"6864c48601d02289790e3028","slug":"sehore-news-farmers-are-confused-how-many-quintals-of-moong-will-be-purchased-per-acre-sehore-news-c-1-1-noi1381-3122908-2025-07-02","type":"story","status":"publish","title_hn":"Sehore News: किसान असमंजस में, प्रति एकड़ कितने क्विंटल मूंग खरीदी जाएगी, सात जुलाई से शुरू होनी है खरीदी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Sehore News: किसान असमंजस में, प्रति एकड़ कितने क्विंटल मूंग खरीदी जाएगी, सात जुलाई से शुरू होनी है खरीदी
Wed, 02 Jul 2025 04:11 PM IST
सीहोर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीहोर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीहोर
Published by: सीहोर ब्यूरो
Updated Wed, 02 Jul 2025 04:11 PM IST
सार
ज़ायद मूंग की खरीदी 7 जुलाई से समर्थन मूल्य पर शुरू होगी। जिसके लिए अब तक 28,708 किसानों ने पंजीयन कराया है। प्रति एकड़ मूंग खरीदी नीति स्पष्ट नहीं होने से किसान असमंजस में हैं।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर।
विस्तार
जायद फसल मूंग की खरीदी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर किए जाने के निर्णय के बाद बीते 19 जून से पंजीयन की प्रक्रिया चल रही है। 7 जुलाई से मूंग खरीदी का दौर शुरू हो जाएगा। इस वर्ष संपूर्ण प्रदेश में 3 लाख 51 हजार मैट्रिक टन मूंग केंद्र सरकार द्वारा खरीदा जाना प्रस्तावित किया गया है। हालांकि, अब तक शासन द्वारा उपार्जन नीति को स्पष्ट नहीं किया गया, जिससे किसान असमंजस में हैं कि सरकार प्रति एकड़ कितने क्विंटल मूंग की खरीदी उनसे करेगी। बावजूद इसके अब किसानों को मूंग उपार्जन का इंतजार बना हुआ है।
विज्ञापन
उप संचालक कृषि विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार संपूर्ण जिलेभर में 28 हजार से अधिक किसानों ने अब तक समर्थन मूल्य पर मूंग का विक्रय करने के लिए पंजीयन करा लिया है। बता दें कि बीते वर्ष 2024-25 में जिलेभर के 26,022 किसानों से शासन ने 71,734 मैट्रिक टन मूंग का उपार्जन किया था, जिसमें किसानों को 613 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया था।
विज्ञापन
दरअसल, कम समय में अधिक मुनाफा देने वाली ज़ायद फसल मूंग की कटाई के बाद से ही इसे समर्थन मूल्य पर विक्रय करने के लिए किसान इंतजार कर रहे थे, लेकिन इसी बीच सरकार द्वारा खरीदी से यह कहकर इनकार कर दिया गया था कि मूंग फसल मानव स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव डाल रही है, क्योंकि इसमें जहर की मात्रा अधिक है। सरकार के इस फैसले के बाद से ही किसान संगठनों द्वारा सरकार के इस निर्णय का कड़ा विरोध किया गया और एमएसपी पर खरीदी जल्द शुरू करने की मांग की जा रही थी। किसानों के बढ़ते विरोध के बाद सरकार झुकी और खरीदी के लिए तैयार हुई।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने इलाके के लिए कर दिया ये बड़ा काम, लोगों को मिलेंगी ये सुविधाएं
एक नजर रकबे और पंजीयन पर
संपूर्ण जिले के 28,708 किसानों ने 71,012 हेक्टेयर रकबे में मूंग का पंजीयन कराया है। जिसमें सीहोर के 271 कृषकों ने 432 हेक्टेयर, श्यामपुर के 226 किसानों ने 354 हेक्टेयर, आष्टा के 10 किसानों ने 17 हेक्टेयर, इछावर के 130 किसानों ने 359 हेक्टेयर, भैरूंदा के 13,484 किसानों ने 34,039 हेक्टेयर, बुधनी के 6,116 किसानों ने 15,359 हेक्टेयर एवं रेहटी के 8,471 किसानों ने 20,451 हेक्टेयर रकबे में मूंग का पंजीयन कराया है।
पिछले वर्ष 12 क्विंटल प्रति हेक्टेयर हुई थी खरीदी
वर्ष 2024 में केंद्र सरकार द्वारा प्रति एकड़ मूंग का उपार्जन 4 क्विंटल 80 किलो अर्थात 12 क्विंटल प्रति हेक्टेयर के मान से किया गया था। लेकिन, इस वर्ष शासन द्वारा किसानों से कितने क्विंटल मूंग का उपार्जन किया जाएगा, इसकी नीति अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है, जिससे किसान असमंजस में हैं। जबकि आगामी 7 जुलाई से खरीदी शुरू की जानी है। अभी तक खरीदी केंद्रों का निर्धारण सहित उपार्जन नीति स्पष्ट नहीं हो सकी है। बता दें कि इस वर्ष मौसम की अनुकूलता के चलते क्षेत्र में विपुल मात्रा में मूंग का उत्पादन हुआ है। किसान अपनी मूंग की संपूर्ण फसल को एमएसपी पर तुलवाने के लिए प्रयासरत हैं।
ये भी पढ़ें: सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती, युवती को डराया धमकाया,हिंदूवादी संगठनों ने होटल में गलत होने से रोका
विचौलियों पर रहेगी पैनी नजर
मूंग पंजीयन की प्रक्रिया चल रही है। तय समय में मूंग की खरीदी शुरू किए जाने के लिए मंगलवार को उपार्जन समिति की बैठक आयोजित की गई थी। इस वर्ष मूंग खरीदी में कड़े नियमों का पालन अनिवार्य है। सरकार द्वारा जो उपार्जन नीति घोषित की जाएगी, उसके तहत ही उपज की खरीदी होगी। किसी भी कीमत पर नॉन-एफएक्यू उपज नहीं खरीदी जाएगी। खरीदी के दौरान विचौलियों पर पूरी निगाह रहेगी। इस दौरान यदि सांठगांठ के कोई मामले सामने आते हैं तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
