एमपी: चित्रकूट में चाय-नाश्ते की दुकान पर दिनदहाड़े मारपीट, पुरानी रंजिश में हमला; 6 आरोपी गिरफ्तार
चित्रकूट के स्फटिक शिला मोड़ पर पुरानी रंजिश में हुई मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से पिस्तौल, कट्टा, कारतूस, बोलेरो और डंडे बरामद किए गए हैं। पुलिस ने न्यायालय में पेश किया।
विस्तार
धार्मिक नगरी चित्रकूट में स्फटिक शिला मोड़ स्थित चाय-नाश्ते की दुकान पर पुरानी रंजिश को लेकर हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस और घटना में प्रयुक्त वाहन व डंडे भी बरामद किए हैं।
13 सितंबर को हुई थी वारदात
पुलिस को दिए आवेदन में फरियादी ब्रजनेश परिहार (53), निवासी स्फटिक शिला, ने बताया कि 13 सितंबर 2026 की शाम करीब 7 बजे उनका बेटा अंकित अपने दोस्तों के साथ स्फटिक शिला मोड़ पर गणेश प्रतिमा की तैयारी करा रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर गुड्डू यादव, शिवम पाल और उनके अन्य साथी वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। आरोपियों ने अंकित और मनीष के साथ लात-घूंसों और डंडों से मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए दयाराम सेन के साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई तेज की। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक नीलेश तिवारी के नेतृत्व में गठित टीम ने फुटेज के आधार पर आरोपियों और उनकी गाड़ियों की पहचान की। मुखबिर की सूचना पर 14 सितंबर 2026 को पुलिस ने बगदरा घाटी के जंगल के पास घेराबंदी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 32 बोर की एक पिस्तौल, छह जिंदा कारतूस, 315 बोर का एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, एक बोलेरो कार, एक हॉकी डंडा और एक बेसबॉल डंडा जब्त किया है।
पढ़ें: ओवैसी का UCC पर बड़ा बयान, बोले- एक धर्म के कानून दूसरे पर थोपना गलत; BJP सहयोगियों से विरोध की अपील
ये आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में वरुण तिवारी (31), निवासी कैलोहा, थाना बहिलपुरवा, चित्रकूट, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी सतना, मध्य प्रदेश; सुमित उर्फ मथुरिया पांडेय (18), निवासी लालापुर, हाल गुप्तगोदावरी, चित्रकूट; योगेंद्र पाठक (23), निवासी सिरसावन, चित्रकूट; देवांश पांडेय उर्फ लल्ला (25), निवासी गुप्तगोदावरी, चित्रकूट; कार्तिक यादव (21), निवासी नादी, थाना पहाड़ी, चित्रकूट, उत्तर प्रदेश और शिवम पाल (19), निवासी गल्ला मंडी के पास, कर्वी कोतवाली, चित्रकूट, उत्तर प्रदेश शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को मंगलवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे की विवेचना कर रही है।
