एमपी: सतना में बहुमंजिला इमारत में भीषण आग, तीन लोगों का रेस्क्यू; कई के फंसे होने की आशंका
सतना के कामता टोला में शुक्रवार को एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। अब तक तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है, जबकि इमारत में और लोगों के फंसे होने की आशंका है। मौके पर रेस्क्यू अभियान जारी है।
विस्तार
मध्य प्रदेश के सतना शहर के कामता टोला स्थित एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। इस बिल्डिंग में कई लोगों के मौजूद होने की जानकारी सामने आई है। इनमें से तीन लोगों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया है।
आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की करीब चार गाड़ियां मौके पर पहुंच चुकी हैं। आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात है। बताया जा रहा है कि यह बिल्डिंग रामनरेश गुप्ता की है। सिटी एसडीएम राहुल सिलाडिया मौके पर पहुंचकर खुद मोर्चा संभाल रहे हैं। मौके पर तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था नहीं होने पर एसडीएम ने अपनी गाड़ी से बिल्डिंग में फंसे लोगों को जिला अस्पताल भेजा। कई लोगों के घायल होने की भी सूचना मिल रही है।
ये भी पढ़ें- उज्जैन में संघ प्रमुख का युवाओं को संदेश: धर्म बांधता नहीं बल्कि मुक्त करता है, बताया रिलीजन से क्यों है अलग
आग पर काबू पाने का प्रयास जारी
भीषण आग की चपेट में आने से बिल्डिंग क्षतिग्रस्त हो चुकी है। प्रशासन की ओर से बिल्डिंग के आसपास बने मकानों को भी खाली कराने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल बिल्डिंग में कई और लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका है। पुलिस प्रशासन और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही है। साथ ही रेस्क्यू अभियान भी जारी है।
