Satna News: मैहर में महिला और उसके बच्चे का शव घर से बरामद, कोलगवां में युवक की पत्थर से कुचल कर हत्या
मध्यप्रदेश के सतना जिले में तीन अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की जान चली गई है। मैहर में एक घर में महिला और उसके दो माह के बच्चे का शव मिला है। वहीं, कोलगवां थाना क्षेत्र में एक अज्ञात युवक की पत्थर से कुचल कर हत्या कर दी गई है।
विस्तार
सतना जिले के मैहर में एक घर में महिला और उसके दो माह के बच्चे का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना मैहर देवी जी चौकी अंतर्गत उदयपुर की है, जहां शनिवार को एक मकान में रजनी कोरी नामक महिला फांसी पर झूलती हुई मिली। सूचना पर मौके पर पहुंच कर जब पुलिस ने मकान का दरवाजा खोला तो अंदर दो माह का बच्चा भी मृत पाया गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस को घटनास्थल से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। हालांकि, सुसाइड नोट पर लिखी हुई बातों को अभी जांच के दायरे में रखा गया है। घटना के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस इसकी गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई है। बता गया है कि मृतक महिला का पति गुरु प्रसाद कोरी घटना के वक्त घर में मौजूद नहीं पाया गया। पुलिस केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
कोलगवां में युवक की पत्थर से कुचल कर हत्या
सतना जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र में एक अज्ञात युवक की पत्थर से कुचल कर हत्या कर दी गई है। सिंधी कैंप स्थित बसोर बस्ती में युवक का शव पड़ा मिला था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोलगवां पुलिस हत्या का प्रकरण दर्ज करते हुए मामले की जांच में जुट गई है। मृत युवक और हमलावर की पहचान करने में पुलिस की एक टीम लगाई गई है। पुलिस के सामने पहली चुनौती मृतक की पहचान की है।
हिरौंदी में बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
इधर, जिले के मझगवां थाना अंतर्गत हिरौंदी में खेत की रखवाली करने गए 66 वर्षीय बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। व्यक्ति शुक्रवार की रात गांव के पास ही अपने खेत की रखवाली करने गया था। शनिवार सुबह घर न पहुंचने पर परिजनों द्वारा पता तलाशी की गई। वृद्ध अपने ही खेत में बने हुए छप्पर के नीचे मृत मिला। इसके बाद परिजनों ने मझगवां थाना पुलिस को सूचना दी। मझगवां थाना प्रभारी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं, परिजनों ने परिवारिक विवाद को लेकर हत्या की शंका जताई गई है। पुलिस केस दर्ज कर जांच में जुट गई है।
