Sagar News: 15 दिन से गैरेज में रिपेयर हो रहे ट्रक के UP में कट गए बीस हजार के चालान, पुलिस तक पहुंची शिकायत
सागर के ट्रांसपोर्टर हर्षदीप सिंह ने शिकायत की है कि उनके गैरेज में खड़े ट्रक के नंबर पर उत्तर प्रदेश में दो फर्जी चालान कटे हैं। उन्होंने ट्रक नंबर के दुरुपयोग और आपराधिक गतिविधियों की आशंका जताते हुए सागर एसपी और यूपी पुलिस से मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
विस्तार
सागर शहर के एक ट्रांसपोर्टर का ट्रक पिछले 15 दिनों से भोपाल रोड पर रतौना स्थित गैरेज में रिपेयरिंग के लिए खड़ा है, लेकिन इस दौरान उत्तर प्रदेश में उसके नाम पर 20 हजार रुपये के दो चालान कट गए हैं। पहला चालान एक सप्ताह पहले टोल प्लाजा पर कटा, और दूसरा चालान मंगलवार को गोरखपुर के पास देवरिया में यातायात पुलिस ने काटा। इस पर ट्रांसपोर्टर हर्षदीप सिंह सलूजा हैरान हैं।
हर्षदीप ने सागर पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर इस मामले की जांच की मांग की है। साथ ही उत्तर प्रदेश के डीजीपी, देवरिया एसपी और यातायात पुलिस को भी लिखित शिकायत भेजी है।
हर्षदीप ने अपनी शिकायत में बताया कि एमपी-65जीए 1620 नंबर का ट्रक उनके नाम से सागर परिवहन कार्यालय में पंजीकृत है। यह ट्रक 6 जनवरी से रतौना स्थित गैरेज में खड़ा है और उसकी रिपेयरिंग चल रही है। इस बात की पुष्टि ट्रक के जीपीएस लोकेशन और ट्रक की मौजूदा स्थिति से की जा सकती है।
उन्होंने आशंका जताई है कि उनके ट्रक नंबर का दुरुपयोग किया जा रहा है। हर्षदीप को डर है कि उनके ट्रक के नंबर का इस्तेमाल किसी आपराधिक गतिविधि में न हो जाए। उन्होंने एसपी से अनुरोध किया है कि इस फर्जी ट्रक को ट्रेस कर वास्तविक मालिक पर कार्रवाई की जाए। इस मामले ने पुलिस और ट्रांसपोर्टरों के बीच सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हर्षदीप ने अपनी शिकायत में ट्रक नंबर के दुरुपयोग की रोकथाम और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
