{"_id":"6a284f688b6d241eae0a7066","slug":"youth-slips-while-making-a-video-at-itma-waterfall-drowns-in-deep-water-rewa-news-c-1-1-noi1337-4378187-2026-06-09","type":"story","status":"publish","title_hn":"रील का जुनून बना जानलेवा: इटमा वॉटरफॉल में वीडियो बनाते समय फिसला युवक, गहरे पानी में डूबने से मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
रील का जुनून बना जानलेवा: इटमा वॉटरफॉल में वीडियो बनाते समय फिसला युवक, गहरे पानी में डूबने से मौत
Wed, 10 Jun 2026 07:42 AM IST
रीवा ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रीवा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रीवा
Published by: रीवा ब्यूरो
Updated Wed, 10 Jun 2026 07:42 AM IST
सार
रीवा के इटमा वॉटरफॉल में रील और फोटो बनाने के दौरान प्रयागराज के 22 वर्षीय युवक मोहम्मद तनवीर की पैर फिसलने से गहरे पानी में डूबकर मौत हो गई। पुलिस और राहत दल ने सर्च ऑपरेशन चलाकर शव बरामद किया। हादसे ने पर्यटन स्थलों पर जोखिम भरी सेल्फी और रील बनाने के खतरों को फिर उजागर किया।
विज्ञापन
रील बनाते समय पानी में गिरे युवक की मौत
- फोटो : amar ujala
विस्तार
सोशल मीडिया पर रील और फोटो के लिए जोखिम भरे स्थानों पर जाने का बढ़ता चलन एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। रीवा जिले के प्रसिद्ध इटमा वॉटरफॉल में मंगलवार शाम दर्दनाक हादसे में प्रयागराज निवासी 22 वर्षीय युवक की जान चली गई। बताया जा रहा है कि युवक झरने के बीच खड़े होकर रील और तस्वीरें बनवा रहा था, तभी उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव वाले गहरे पानी में जा गिरा।
विज्ञापन
मृतक की पहचान मोहम्मद तनवीर पिता निसार अहमद, निवासी अनापुर, प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार तनवीर अपने दोस्त और मामा के लड़के के साथ रीवा के प्रसिद्ध जलप्रपातों का भ्रमण करने आया था। दिनभर घूमने के बाद शाम करीब 5 बजे वह इटमा वॉटरफॉल पहुंचा, जहां उसने झरने के भीतर पानी के बीच स्थित एक पत्थर पर खड़े होकर वीडियो और फोटो बनवाने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पत्थर काफी फिसलन भरा था। जैसे ही तनवीर ने पोज देने की कोशिश की, उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे गहरे पानी में जा गिरा। अचानक हुए हादसे से वहां मौजूद लोग घबरा गए। कुछ लोगों ने उसे बचाने की कोशिश भी की, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें- पीएम मोदी के सत्ता में 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा के विशेष धार्मिक आयोजन आज, शीर्ष नेता होंगे शामिल
विज्ञापन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा। करीब एक घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे की खबर मिलते ही उसके साथ आए परिजनों और दोस्तों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा फिसलन भरे पत्थर पर पैर फिसलने के कारण हुआ।
गौरतलब है कि बारिश के मौसम में वॉटरफॉल और झरनों के आसपास पानी का बहाव अचानक बढ़ जाता है, जिससे ऐसे स्थान बेहद खतरनाक हो जाते हैं। प्रशासन भी लगातार पर्यटकों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और रील या सेल्फी के लिए जोखिम न उठाने की अपील करता रहा है। इसके बावजूद लापरवाही के चलते होने वाले हादसे लगातार चिंता का विषय बने हुए हैं।
