Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Congress, enraged over farmers' respect, burnt an effigy in Rajgarh against the MP's statement.

राजगढ़: किसानों पर बयान देकर घिरे भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा, कांग्रेस ने फूंका पुतला; माफी मांगने की उठी मांग

Wed, 11 Nov 2026 06:27 PM IST
राजगढ़ ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, राजगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, राजगढ़ Published by: राजगढ़ ब्यूरो Updated Wed, 11 Nov 2026 06:27 PM IST
सार

भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा के किसानों पर दिए बयान के विरोध में राजगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर पुतला फूंका। कांग्रेस नेताओं ने बयान को किसान समाज का अपमान बताते हुए सांसद से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।

 

विज्ञापन
Congress, enraged over farmers' respect, burnt an effigy in Rajgarh against the MP's statement.
राजगढ़ में कांग्रेस का प्रदर्शन - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा के किसानों को लेकर दिए गए बयान के विरोध में बुधवार को राजगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं ने सांसद का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने बयान को किसान समाज का अपमान बताते हुए सांसद से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।

विज्ञापन

दोपहर 12 बजे शुरू हुआ प्रदर्शन देर तक जारी रहा। जिला कांग्रेस किसान संघ के महामंत्री केसर तंवर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जिला कांग्रेस कार्यालय के बाहर एकत्र हुए। कार्यकर्ताओं के हाथों में तख्तियां थीं और वे किसानों के सम्मान में नारे लगा रहे थे।

विज्ञापन

दरअसल, 9 नवंबर को एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा ने किसानों को लेकर बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि किसान केवल तीन महीने खेती में मेहनत करते हैं और बाकी नौ महीने ताश, राजश्री, बोतल, चोंगी और जय भोले चढ़ाने में बिताते हैं। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवादों में आ गया। किसानों और विपक्षी दलों ने इसे अपमानजनक बताते हुए विरोध जताया।

विज्ञापन
विज्ञापन

इसी बयान के विरोध में कांग्रेस ने राजगढ़ में प्रदर्शन का ऐलान किया था। बुधवार दोपहर कार्यकर्ताओं ने सांसद जनार्दन मिश्रा का पुतला बनाकर बीच सड़क पर फूंक दिया। इस दौरान किसान विरोधी बयान वापस लो और किसानों का अपमान बंद करो जैसे नारे लगाए गए।

प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस किसान संघ के महामंत्री केसर तंवर ने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत करके देश का पेट भरता है। धूप, बारिश और ठंड की परवाह किए बिना वह खेतों में काम करता है। कई बार किसान अपने परिवार की जरूरतों से समझौता करके भी देश के लिए अनाज उगाता है।

उन्होंने कहा कि ऐसे मेहनती किसान की मेहनत पर सवाल उठाना गलत है। यह केवल एक बयान नहीं, बल्कि पूरे किसान समाज का अपमान है। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। तंवर ने सांसद से किसानों से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सांसद माफी नहीं मांगते हैं, तो कांग्रेस गांव-गांव जाकर इस मुद्दे को उठाएगी।

पढे़ं: 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में जबलपुर दूसरे नंबर पर, देवास-रीवा भी छाए

कांग्रेस प्रवक्ता एहतेशाम सिद्दीकी ने भी सांसद के बयान की निंदा की। उन्होंने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है और किसानों में ही इसकी आत्मा बसती है। किसान देश की रीढ़ हैं। कांग्रेस किसानों का अपमान करने वालों का हर स्तर पर विरोध करेगी। किसानों के सम्मान की रक्षा करना पार्टी की परंपरा रही है। सिद्दीकी ने कहा कि जनार्दन मिश्रा को किसी भी सार्वजनिक मंच पर चढ़ने नहीं दिया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता हर जगह उनका विरोध करेंगे। प्रदर्शन में विजयपाल सिंह भाटी, कमाल खान, लोकेश दुबे, नयन विजयवर्गीय और सिराज खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में सांसद के बयान की निंदा की।

प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस भी मौके पर मौजूद रही, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन कार्यकर्ताओं में सांसद के बयान को लेकर नाराजगी साफ दिखाई दी।

वहीं, राजगढ़ के किसानों ने भी बयान पर नाराजगी जताई। एक किसान ने कहा कि वे सुबह चार बजे खेतों में पहुंच जाते हैं और देर रात तक मेहनत करते हैं। फसल के लिए कर्ज लेते हैं। कभी सूखा तो कभी ओलावृष्टि उनकी मेहनत पर पानी फेर देती है, लेकिन इसके बावजूद वे खेती जारी रखते हैं। ऐसे में किसी का किसानों को नशेड़ी कहना बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed