{"_id":"6b0647bd1f65f7460c006d7d","slug":"raisen-17-year-old-found-six-months-pregnant-husband-arrested-five-booked-in-child-marriage-case-2026-11-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"खुला बाल विवाह का राज: छह माह की गर्भवती हुई नाबालिग तो पहुंची अस्पताल, पति को पॉक्सो में गिरफ्तार कर भेजा जेल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
खुला बाल विवाह का राज: छह माह की गर्भवती हुई नाबालिग तो पहुंची अस्पताल, पति को पॉक्सो में गिरफ्तार कर भेजा जेल
Wed, 25 Nov 2026 08:01 AM IST
प्रिया वर्मा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रायसेन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रायसेन
Published by: प्रिया वर्मा
Updated Wed, 25 Nov 2026 08:01 AM IST
सार
सुल्तानगंज क्षेत्र में नाबालिग के छह माह की गर्भवती मिलने पर बाल विवाह का मामला सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग की सूचना पर पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ पॉक्सो और बाल विवाह निषेध अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
विज्ञापन
बाल विवाह के मामले में पति गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जिले के सुल्तानगंज में बाल विवाह का एक गंभीर मामला सामने आया है। महज 17 साल की नाबालिग युवती के करीब छह माह की गर्भवती होने की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नाबालिग के पति समेत पांच लोगों के खिलाफ पॉक्सो और बाल विवाह निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
विज्ञापन
पूरा मामला सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम ककरुआ गुलाब का है, जहां रहने वाली 17 वर्षीय युवती स्वास्थ्य जांच के लिए उप-स्वास्थ्य केंद्र पहुंची थी। जांच में उसके करीब छह माह की गर्भवती होने की पुष्टि हुई। दस्तावेजों में युवती की जन्मतिथि 15 मई 2009 सामने आने के बाद मामले की गंभीरता उजागर हुई।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: एमपी: नितिन नवीन के वीडियो को लेकर भोपाल में सियासी घमासान, भाजपा ने पीसी शर्मा के खिलाफ की शिकायत
विज्ञापन
बेगमगंज सिविल अस्पताल के मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी ने 16 नवंबर को सुल्तानगंज पुलिस को लिखित सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। पीड़िता के बयानों के मुताबिक 12 मई 2026 को उसका विवाह सामाजिक रीति-रिवाज से कल्याण आदिवासी के साथ कराया गया था। इस मामले में नाबालिग के माता-पिता और सास-ससुर की भूमिका भी सामने आई।
पुलिस ने पति कल्याण आदिवासी, उसके माता-पिता और नाबालिग के माता-पिता सहित पांच आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, भारतीय न्याय संहिता और बाल विवाह निषेध अधिनियम की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। शेष आरोपियों की भूमिका को लेकर आगे की जांच जारी है।
क्या है बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम और पॉक्सो
भारत में बाल विवाह रोकने के लिए बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 लागू है। यह 1 नवंबर 2007 से प्रभावी हुआ और जिसने पुराने शारदा अधिनियम (1929) का स्थान लिया। इस कानून के तहत 18 वर्ष से कम उम्र की लड़की और 21 वर्ष से कम उम्र के लड़के को बालक माना गया है।
इस अधिनियम के तहत अपराधी को 2 वर्ष तक का कठोर कारावास या 1 लाख तक का जुर्माना, या दोनों की सजा हो सकती है। यह दंड बाल विवाह करने वाले वयस्क पुरुष, विवाह संपन्न कराने वाले, बढ़ावा देने वाले या इसमें शामिल माता-पिता/अभिभावकों व अन्य लोगों पर लागू होता है। हालांकि, रायसेन जिले के इस मामले में दुष्कर्म के आरोप में पॉक्सो लागू होने से आरोपी को न्यूनतम तीन वर्ष की जेल से लेकर आजीवन कारावास या मृत्युदंड (फांसी) तक की सजा हो सकती है, साथ ही जुर्माना भी लगाया जाता है।

