MP: पन्ना में फिर चमकी किस्मत, महिला को मिला 6.54 कैरेट का बेशकीमती हीरा, कीमत जानकर उड़ जाएंगे होश
हीरों की नगरी पन्ना में एक बार फिर किस्मत चमकाने वाली खबर सामने आई है। जिले के ग्राम जरुआपुर स्थित उथली हीरा खदान से 6.54 कैरेट का उज्ज्वल गुणवत्ता वाला हीरा मिला है, जिसकी अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है।
विस्तार
ग्राम जरुआपुर की महिला की चमकी किस्मत
जानकारी के अनुसार ग्राम जरुआपुर निवासी मीरा सिंह ने मार्च माह में हीरा खदान का पट्टा लिया था। इसके बाद से वह लगातार खनन कार्य में जुटी हुई थीं। कई महीनों की मेहनत और उम्मीदों के बाद आखिरकार उनकी किस्मत चमक उठी और खदान से उन्हें 6.54 कैरेट का उज्ज्वल गुणवत्ता वाला हीरा प्राप्त हुआ। हीरा मिलने की खबर सामने आते ही परिवार के साथ-साथ आसपास के लोगों में भी उत्साह का माहौल बन गया। ग्रामीणों का कहना है कि पन्ना की धरती आज भी मेहनतकश लोगों को अनमोल सौगात देने का काम कर रही है।
गुपचुप तरीके से हीरा कार्यालय में कराया गया जमा
सूत्रों के मुताबिक इस बहुमूल्य हीरे को गुपचुप तरीके से पन्ना स्थित हीरा कार्यालय में जमा कराया गया है। बताया जा रहा है कि सुरक्षा और गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए इसकी जानकारी सीमित लोगों तक ही रखी गई थी। हालांकि बाद में जब हीरा कार्यालय में इसकी एंट्री हुई तो मामले की जानकारी सामने आई और यह खबर तेजी से फैल गई। अब यह हीरा नियमानुसार आगामी हीरा नीलामी में शामिल किया जाएगा।
ये भी पढ़ें- World Sickle Cell Day: 2047 से पहले सिकल सेल रोग मुक्त होगा भारत, ओंकारेश्वर से राष्ट्रपति मुर्मू का भरोसा
हीरा कार्यालय के नियमों के अनुसार इस हीरे को आगामी नीलामी में रखा जाएगा। नीलामी के दौरान जो भी कीमत प्राप्त होगी, उसमें से शासन द्वारा निर्धारित राजस्व और अन्य शुल्क काटे जाएंगे। इसके बाद बची हुई राशि हीरा धारक मीरा सिंह को प्रदान की जाएगी। यदि यह हीरा अनुमानित कीमत या उससे अधिक मूल्य पर नीलाम होता है, तो यह राशि उनके और उनके परिवार के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकती है।
पन्ना की धरती फिर साबित कर रही अपनी पहचान
पन्ना जिले की पहचान देश और दुनिया में हीरों के लिए है। यहां समय-समय पर छोटे और बड़े हीरे मिलने की खबरें सामने आती रही हैं, जिन्होंने कई परिवारों की किस्मत बदल दी है। 6.54 कैरेट के इस चमकदार हीरे ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि पन्ना की धरती आज भी अनमोल रत्नों से भरी हुई है और यहां मेहनत करने वालों की किस्मत कभी भी चमक सकती है।
गुपचुप जमा हुए हीरे पर उठे सवाल
हालांकि इस पूरे मामले में एक सवाल भी चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों के बीच यह चर्चा है कि आखिर हीरा मिलने के बाद इसकी जानकारी सार्वजनिक क्यों नहीं की गई और इसे गुपचुप तरीके से जमा क्यों कराया गया। इसको लेकर कई तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं। हालांकि बाद में दावों और चर्चाओं के बीच हीरा कार्यालय में जमा इस हीरे को परखी द्वारा मीडिया के सामने प्रदर्शित किया गया और इस संबंध में आधिकारिक जानकारी भी साझा की गई।
अब नीलामी पर टिकी सबकी नजरें
फिलहाल 6.54 कैरेट के इस बेशकीमती हीरे ने पन्ना में एक बार फिर उत्साह का माहौल बना दिया है। अब सभी की निगाहें आगामी नीलामी पर टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि यह चमकदार हीरा आखिर कितनी कीमत पर बिकता है और मीरा सिंह की किस्मत को कितना बड़ा तोहफा देता है।
