खाट बनी एंबुलेंस: मरीज को खटिया पर मुख्य मार्ग तक ले गए ग्रामीण, रनवाहा से देवरी तक पक्की सड़क की मांग
पन्ना के रनवाहा गांव में पक्की सड़क नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बीमार मरीज को एंबुलेंस नहीं मिलने पर परिजन खाट पर लिटाकर मुख्य मार्ग तक ले गए। ग्रामीणों ने रनवाहा से देवरी मुख्य मार्ग तक पक्की सड़क निर्माण की मांग जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से की है।
विस्तार
पन्ना जिले के के ग्राम रनवाहा में सड़क की बदहाल व्यवस्था ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी का सबब बनी हुई है। गांव में पक्की सड़क नहीं होने के चलते जरूरत के वक्त एंबुलेंस तक नहीं पहुंच पा रही है। ऐसा ही एक मामला सामने आया, जब एक मरीज की तबीयत बिगड़ने पर एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी। मजबूर ग्रामीणों और परिजनों ने मरीज को खाट पर लिटाया और पैदल ही मुख्य मार्ग तक लेकर पहुंचे। इसके बाद वहां से दूसरे वाहन की मदद से मरीज को अस्पताल पहुंचाया गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो ग्रामीणों ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से रनवाहा से देवरी मुख्य मार्ग तक पक्की सड़क निर्माण कराने की मांग की है
आजादी के बाद आज तक नहीं बनी रोड
दरअसल, पन्ना जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाला ग्राम रनवाहा आज भी पक्की सड़क की सुविधा से वंचित है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव से मुख्य मार्ग तक पहुंचने के लिए बेहतर सड़क नहीं होने के कारण उन्हें आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ता है। खासकर बारिश के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है। सड़क पर कीचड़ और जलजमाव के कारण आवागमन मुश्किल हो जाता है और कई बार गांव का संपर्क मुख्य मार्ग से लगभग कट जाता है।
ये भी पढ़ें- मंदाकिनी की बाढ़ के बाद प्रशासन सख्त, नदी किनारे अतिक्रमण पर कसेगा शिकंजा, जांच के लिए बनी 5 सदस्यीय टीम
बरसात के दिनों में नारकीय जीवन जी रहे लोग
सबसे ज्यादा परेशानी उस वक्त सामने आती है, जब गांव में किसी व्यक्ति की तबीयत बिगड़ती है। बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति पिछले करीब 10 दिनों से बीमार था। गुरुवार को अचानक उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। परिजनों ने एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन खराब सड़क और रास्ते की समस्या के चलते एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी। इसके बाद परिजन और ग्रामीण मरीज को खाट पर लिटाकर मुख्य मार्ग तक लेकर गए। वहां से दूसरे वाहन की मदद से मरीज को अस्पताल पहुंचाया गया।
इलाज के लिए खाट पर ले जाते मरीजों को
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की समस्या के चलते पहले भी समय पर इलाज नहीं मिलने से अप्रिय घटनाएं हो चुकी हैं। जनपद सदस्य ने भी सड़क की समस्या को गंभीर बताते हुए जल्द समाधान की मांग की है। वहीं ग्राम पंचायत के सरपंच रघुराज सिंह राजपूत और ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक को मांग पत्र सौंपकर रनवाहा से देवरी मुख्य मार्ग तक पक्की सड़क बनवाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण होने से न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि एंबुलेंस और अन्य जरूरी सेवाएं भी गांव तक आसानी से पहुंच सकेंगी। अब देखना होगा कि ग्रामीणों की इस लंबे समय से चली आ रही मांग पर जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधि कब तक कार्रवाई करते हैं और रनवाहा को पक्की सड़क की सुविधा कब मिलती है।

मरीज को खाट पर लादकर मुख्य मार्ग तक ले गए ग्रामीण।
