{"_id":"64f460536326d8fd9100f92e","slug":"mp-news-woman-from-panna-dies-in-satna-family-alleges-health-deteriorated-after-injection-2023-09-03","type":"story","status":"publish","title_hn":"MP News: पन्ना निवासी महिला की सतना में मौत, परिजनों का आरोप- इंजेक्शन लगाने के बाद तबीयत बिगड़ी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
MP News: पन्ना निवासी महिला की सतना में मौत, परिजनों का आरोप- इंजेक्शन लगाने के बाद तबीयत बिगड़ी
Sun, 03 Sep 2023 04:00 PM IST
अरविंद कुमार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पन्ना/सतना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पन्ना/सतना
Published by: अरविंद कुमार
Updated Sun, 03 Sep 2023 04:00 PM IST
सार
पन्ना जिले के पटना से इलाज के लिए सतना आई एक महिला की डॉक्टर के क्लीनिक के बाहर मौत हो गई। महिला की मौत के बाद यहां हंगामा खड़ा हो गया। नतीजतन पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर तक चली समझाइश के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। महिला के परिजनों का आरोप है, महिला डॉक्टर के इंजेक्शन लगाने के बाद तबीयत बिगड़ी और देखते ही देखते महिला की सांसें थम गईं।
विज्ञापन
मृतक महिला के परिजन
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पन्ना जिले के पटना तामोली गांव से राजाबाई विश्वकर्मा पति रामकिशोर विश्वकर्मा को शनिवार को इलाज के लिए सतना लाया गया था। उसे पिछले कई दिनों से बुखार आ रहा था। उसका पति रामकिशोर उसे लेकर दोपहर में जिला अस्पताल पहुंचा, जहां उसे गीता सिंह नाम की महिला मिली।
विज्ञापन
उसने खुद को आशा कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि वह राजाबाई को अच्छे डॉक्टर को दिखवा देगी। रामकिशोर उसकी बातों में आ गया और उसके साथ पत्नी को लेकर अस्पताल चौराहे पहुंच गया। जहां गीता सिंह उसे यहां अंकुर मेडिकल ले गई। वहां चैंबर बनाकर बैठने वाली से यह कहते हुए मिलवाया कि ये डॉ पूनम अग्रवाल हैं। इस क्लीनिक में राजाबाई को पहले एक गोली खिलाई गई और फिर डॉ पूनम अग्रवाल ने उसे एक के बाद एक दो इंजेक्शन लगा दिए। इंजेक्शन लगते ही राजाबाई को तेज पसीना आने लगा तो डॉ पूनम ने उसे बाहर ले जा कर लिटा देने को कहा।
विज्ञापन
राजाबाई को मेडिकल स्टोर के बाहर दासे पर लिटाने के कुछ देर बाद ही उसकी सांसें थम गईं। महिला की मौत होते ही यहां हंगामा मच गया। मृतिका के तमाम परिजन और परिचित वहां पहुंच गए, जिन्हें देखकर अपनी दुकान में डॉ का क्लीनिक चलवाने वाला मेडिकल स्टोर संचालक भाग निकला। जबकि डॉ अग्रवाल चैंबर के अंदर ही घुसी रह गई।
विज्ञापन
देखते ही देखते अंकुर मेडिकल में संचालित क्लीनिक के सामने भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर टीआई सिटी कोतवाली शंखधर द्विवेदी भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। परिजन शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने को राजी नहीं थे। मेडिकल स्टोर संचालक के एजेंट उन पर समझौता करने का दबाव भी बनाने की कोशिश कर रहे थे। टीआई की समझाइश के बाद रामकिशोर ने कोतवाली पहुंच कर शिकायत दर्ज कराई और फिर शव को पीएम के लिए भेजा जा सका।
इस मामले में मृतिका का पति रामकिशोर जहां डॉक्टर पर गलत इलाज कर राजाबाई को मौत का शिकार बनाने का आरोप लगाता रहा, वहीं डॉ पूनम अग्रवाल उनसे पहले इलाज करने वाले डॉक्टरों पर ठीकरा फोड़ती रहीं। डॉ अग्रवाल से जब बात की गई तो उन्होंने बताया कि उनके पास बैचलर ऑफ शुद्ध आयुर्वेदिक मेडिसिन (BASM) की डिग्री है। लेकिन यह भी माना कि इस डिग्री के साथ उन्हें एलोपैथी इलाज की पात्रता नहीं है। डॉ अग्रवाल ने कहा कि उन्होंने राजाबाई को बुखार की गोली खिलाई थी और फिर दर्द और गैस के लिए इंजेक्शन लगाए थे।
मामले में टीआई सिटी कोतवाली शंखधर द्विवेदी ने बताया कि महिला की मौत के मामले में परिजनों ने डॉक्टर के विरूद्ध शिकायत दर्ज कराई है। मौत की असल वजह पीएम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी, जांच की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर डॉ पूनम अग्रवाल की डिग्री की भी जांच कराई जाएगी।
