पन्ना में मूसलाधार बारिश का कहर: घरों में घुसा नाले का पानी, सड़कें हुई बंद; गांवों में मचा हाहाकार
पन्ना के बृजपुर क्षेत्र में मूसलाधार बारिश से नदी-नाले उफान पर आ गए। धरमपुर नाले में पानी पुल के ऊपर बहने से मार्ग बंद रहा। उमरी गांव का संपर्क टूट गया, जबकि घरों में पानी घुसने पर SDERF राहत-बचाव दल रवाना किया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पन्ना जिले के बृजपुर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में मूसलाधार बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे शुरू हुई तेज बारिश शनिवार सुबह तक लगातार जारी रही। बारिश के कारण क्षेत्र के छोटे-बड़े नदी-नाले उफान पर आ गए, जबकि कई संपर्क मार्गों पर पानी भरने से आवागमन प्रभावित हुआ है। निचले इलाकों और गांवों में पानी घुसने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
धरमपुर नाला उफान पर, तीन घंटे बंद रहा पन्ना-पहाड़ीखेड़ा मार्ग
बृजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम धरमपुर स्थित नाले के पुल पर करीब दो फीट ऊपर से पानी बहने लगा। इसके चलते पन्ना-पहाड़ीखेड़ा मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद हो गया। पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्री करीब तीन घंटे तक फंसे रहे। सूचना मिलने पर बृजपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। सहायक उपनिरीक्षक अयोध्या प्रसाद और आरक्षक संजय ने पुलिस बल के साथ पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही रोक दी, ताकि किसी तरह की अनहोनी न हो।
पढ़ें: चित्रकूट में गोरगी बांध टूटा: मंदाकिनी 30 फीट उफनी, रामघाट का 300 मीटर लंबा पुल बहा; सतना में रेलवे ट्रैक डूबे
बृहस्पति कुंड का मार्ग कटा, घरों में घुसा पानी
लगातार बारिश के कारण प्रसिद्ध पर्यटन स्थल बृहस्पति कुंड को जोड़ने वाला मार्ग भी दोनों तरफ से बंद हो गया है। कई निचले ग्रामीण इलाकों में जलस्तर बढ़ने से नाले का पानी घरों में घुस गया। जलभराव के कारण ग्रामीणों का राशन, कपड़े और गृहस्थी का सामान भी प्रभावित हुआ है।
हालात उस समय और गंभीर हो गए, जब पहाड़ीखेड़ा चौकी क्षेत्र का उमरी गांव चारों ओर से पानी से घिर गया और उसका बाहरी इलाकों से संपर्क टूट गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पन्ना जिला मुख्यालय से SDERF और राहत-बचाव दल को प्रभावित गांव के लिए रवाना किया गया है। प्रशासन और पुलिस के अधिकारी हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
