Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Omkareshwar: Power Meets Spirituality as CM Bows Before Silent Ascetic After Trekking Rocky Path to His Cave

सत्ता और साधना का संगम: 20 साल से मौन अवधूत संत के आगे नतमस्तक हुए सीएम, पथरीला रास्ता तय कर गुफा तक पहुंचे

Wed, 25 Nov 2026 11:20 AM IST
प्रिया वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ओंकारेश्वर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ओंकारेश्वर Published by: प्रिया वर्मा Updated Wed, 25 Nov 2026 11:20 AM IST
सार

ओंकार पर्वत की गुफा में करीब दो दशक से मौन साधना कर रहे अवधूत संत सुखदेव मुनि से मिलने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दुर्गम रास्ता पार कर पहुंचे। उन्होंने संत के चरणों में शाल-श्रीफल अर्पित कर नमन किया, जबकि संत अपनी साधना में लीन रहे।

विज्ञापन
Omkareshwar: Power Meets Spirituality as CM Bows Before Silent Ascetic After Trekking Rocky Path to His Cave
संत के चरणों में नतमस्तक हुए सीएम - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

आधुनिकता, भौतिक सुख-सुविधाओं और चकाचौंध से भरे आज के दौर में जब धर्म और आध्यात्मिकता के नाम पर बड़े-बड़े आश्रम, मठ-मंदिर, आलीशान भवन और सुविधाओं से युक्त जीवनशैली दिखाई देती है, वहीं तीर्थनगरी ओंकारेश्वर के ओंकार पर्वत की एक गुफा में ऐसे अवधूत महा दिगंबर संत भी विराजमान हैं, जिनका संसार से कोई मोह नहीं है। न किसी से अपेक्षा, न किसी से बातचीत, न किसी प्रकार की सुख-सुविधा और न ही किसी के आने-जाने से कोई सरोकार। प्रकृति की गोद में पूर्ण मौन रहकर अपनी साधना में लीन संत सुखदेव मुनि आज भी वास्तविक वैराग्य और तपस्या की अद्भुत मिसाल बने हुए हैं।

विज्ञापन


कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपनी सरकार के स्वास्थ्य मंत्री विश्वास सारंग के साथ इन विलक्षण संत के दर्शन और आशीर्वाद लेने ओंकार पर्वत की गुफा तक पहुंचे। मुख्यमंत्री ने काफी पथरीले रास्ते और चट्टानों को पार कर संत के पास पहुंचकर उनके श्रीचरणों में शाल-श्रीफल अर्पित किया। दोनों हाथ जोड़कर मस्तक झुकाया और श्रद्धापूर्वक नमन किया लेकिन संत सुखदेव मुनि ने मुख्यमंत्री की ओर आंख उठाकर भी नहीं देखा। वे अपनी ही साधना और मौन में लीन रहे। मुख्यमंत्री ने भी संत की इस साधना और मौन का सम्मान करते हुए श्रद्धा के साथ उन्हें प्रणाम किया।
विज्ञापन


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्तिक पूर्णिमा पर लगभग तीन घंटे ओंकारेश्वर में रहे। भगवान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन-पूजन के बाद वे ओंकारेश्वर बांध के नीचे ओंकार पर्वत की परिक्रमा मार्ग पर स्थित उस स्थान पर पहुंचे, जहां वर्षों से संत सुखदेव मुनि प्रकृति के बीच रहकर तप और साधना कर रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


प्रकृति ही आश्रय, पर्वत का पानी ही जीवन
संत सुखदेव मुनि के बारे में आज तक कोई निश्चित जानकारी नहीं मिल पाई है कि वे मूल रूप से कहां के रहने वाले हैं। दो दशक पूर्व वे ओंकारेश्वर के ओंकार पर्वत की छोटी सी गुफा में लोगों को दिखाई दिए थे। उन्होंने स्वयं को पूरी तरह प्रकृति के हवाले कर दिया है। वे अधिकतर समय दिगंबर अवस्था में रहते हैं। गर्मी हो, सर्दी हो या बरसात, उनके शरीर पर कोई वस्त्र नहीं होता। जमीन ही उनका बिछौना है और प्रकृति ही उनका आश्रय।

ओंकार पर्वत की चट्टानों के बीच स्थित उनकी गुफा के ऊपर से जब पहाड़ का पानी नीचे आता है, तो उनके रहने के लिए वहां तीन शेड बनाए गए हैं और आसपास सुरक्षा के लिए जाली लगाई गई है। वे इसी स्थान पर रहते हैं और पर्वत से आने वाला प्राकृतिक पानी ही पीते हैं। उनकी देखरेख ओंकारेश्वर-ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर के समीप स्थित गजानन भक्त निवास द्वारा की जाती है हालांकि संत का अपना जीवन पूरी तरह निर्लिप्त और प्रकृति के अनुरूप है।

जिसके भाग्य में होता है, उसी पर उठती है संत की दृष्टि
संत सुखदेव मुनि की सबसे विलक्षण विशेषता उनका पूर्ण मौन है। वे किसी से बातचीत नहीं करते। किसी के आग्रह पर भोजन भी स्वीकार नहीं करते और न ही किसी के साथ किसी प्रकार का संवाद करते हैं। ऐसा माना जाता है कि जिसके भाग्य में होता है, उसी की ओर वे अपनी दृष्टि उठाते हैं। अधिकांश समय वे अपनी ही साधना में लीन रहते हैं।

लगभग पांच वर्षों से नर्मदा परिक्रमा और साधना में संलग्न अवधूत संत दादा गुरु भी उनसे मिलने पहुंचे थे। उन्होंने संत से संवाद करने और भोजन करवाने का प्रयास किया लेकिन सुखदेव मुनि ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। यह प्रसंग उनके कठोर वैराग्य और मौन साधना को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने भी संत के इस अनूठे स्वरूप को नमन किया
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं धार्मिक और आध्यात्मिक आस्था रखने वाले व्यक्ति हैं। उज्जैन की महाकाल नगरी से जुड़े मुख्यमंत्री जब ओंकारेश्वर पहुंचे तो उन्होंने केवल ज्योतिर्लिंग के दर्शन ही नहीं किए, बल्कि ओंकार पर्वत की दुर्गम चट्टानों के बीच वर्षों से साधनारत इस अवधूत संत के पास पहुंचकर भी अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री विश्वास सारंग ने संत के स्थान पर पहुंचकर पर्वत से आने वाला प्राकृतिक पानी भी पिया। यह दृश्य अपने आप में विशिष्ट था कि प्रदेश का मुखिया तमाम सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं के बीच कठिन पथरीले रास्ते से होकर ऐसे संत के सामने नतमस्तक था, जिनके लिए पद, प्रतिष्ठा, सत्ता और संसार की किसी भी उपलब्धि का कोई महत्व नहीं है।

ये भी पढ़ें: उज्जैन: बाबा महाकाल का गणेश स्वरूप में हुआ शृंगार, भस्म आरती में उमड़े श्रद्धालु,पीएम मोदी के भाई ने किए दर्शन

आज भी जीवित है तप और त्याग की परंपरा
मां नर्मदा के 3600 किलोमीटर लंबे उत्तर और दक्षिण तटों पर आज भी अनेक ऐसे संत, महात्मा, साधु और सन्यासी मिल जाते हैं, जिनका जीवन सांसारिक आकर्षणों से पूरी तरह अलग है। कहीं कुटिया में, कहीं गुफाओं में, कहीं जंगलों में तो कहीं नर्मदा तट की निर्जन जगहों पर साधनारत संतों के दर्शन होते हैं लेकिन यह सब हर किसी को सहज ही देखने को नहीं मिलता। भारतीय आध्यात्मिक परंपरा में कहा जाता है कि ज्ञान की साधना गंगा के तट पर और ज्ञान को आत्मसात करने की अनुभूति मां नर्मदा के तट पर होती है। मां गंगा और मां नर्मदा की महिमा भारतीय संस्कृति में केवल नदियों तक सीमित नहीं, बल्कि वे करोड़ों लोगों की आस्था, साधना और आत्मिक चेतना का आधार हैं।


धर्म प्रदर्शन से नहीं, त्याग और तपस्या से जीवित रहता है
आज के दौर में धर्म और आध्यात्मिकता का स्वरूप भी तेजी से बदलता दिखाई दे रहा है। बड़े-बड़े आश्रम, आलीशान भवन, वातानुकूलित कक्ष, महंगी गाड़ियां और सेवकों का विशाल लश्कर अनेक धार्मिक व्यक्तित्वों की जीवनशैली का हिस्सा बन चुके हैं। धर्म के नाम पर राजनीति और सामाजिक गतिविधियों में भी कई बार व्यावसायिकता दिखाई देती है। ऐसे समय में संत सुखदेव मुनि जैसे अवधूत संत एक अलग ही संदेश देते हैं। उनका जीवन किसी प्रचार, प्रवचन, मंच या प्रदर्शन पर आधारित नहीं है। वे न किसी को उपदेश देते हैं, न अपने तप का बखान करते हैं और न ही किसी से मान-सम्मान की अपेक्षा रखते हैं। उनका मौन ही उनकी साधना है और प्रकृति के बीच उनका जीवन ही उनके वैराग्य का परिचय है।

भारत की सनातन परंपरा की वास्तविक शक्ति ऐसे ही तपस्वियों, साधकों और त्यागी संतों में दिखाई देती है। धर्म केवल बड़े आयोजनों, धार्मिक नारों और भव्य निर्माणों से सुरक्षित नहीं रहता, बल्कि उन साधकों की तपस्या और आध्यात्मिक चेतना से जीवित रहता है, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन आत्मसाधना के लिए समर्पित कर दिया है। ओंकारेश्वर की पवित्र भूमि पर ओंकार पर्वत की गुफा में वर्षों से मौन साधना कर रहे संत सुखदेव मुनि इसी सनातन परंपरा की एक अद्भुत मिसाल हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का उनके दर्शन के लिए दुर्गम रास्ते से पहुंचना और उनके सामने श्रद्धापूर्वक मस्तक झुकाना इस बात का प्रतीक है कि सत्ता और पद की अपनी सीमाएं हैं, लेकिन सच्ची तपस्या और त्याग के सामने हर व्यक्ति श्रद्धा से नतमस्तक होता है।

ऐसे ही संतों की तपस्या, त्याग और साधना से भारत की धर्मधारा और सनातन संस्कृति की परंपरा आज भी प्रवाहित है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed