फूलन देवी का हत्यारा इंदौर से लड़ना चाहता है लोकसभा चुनाव, सपाक्स से मिल सकता है टिकट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दस्यु जीवन छोड़कर राजनेता बनीं फूलन देवी की हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया शेर सिंह राणा लोकसभा चुनाव लड़ सकता है। कयास लगाए जा रहे हैं कि नया राजनीतिक दल सामान्य, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण समाज (सपाक्स) राणा को इंदौर लोकसभा से टिकट दे सकता है। इसके लिए कवायद शुरू हो चुकी है।
बता दें कि इंदौर लोकसभा सीट पर 19 मई को मतदान होगा। हालांकि, इस बहुचर्चित मामले में जमानत पर बाहर चल रहे राणा (40) को चुनावी समर में कूदने के लिए अदालत से मंजूरी लेनी होगी। भाजपा के 30 साल पुराने कब्जे वाली सीट के उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल करने की जारी प्रक्रिया 29 अप्रैल को खत्म होने वाली है।
सपाक्स पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हीरालाल त्रिवेदी ने मंगलवार को 'पीटीआई-भाषा' को बताया, 'सपाक्स के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जोगेंद्रसिंह भदौरिया ने राणा को इंदौर लोकसभा सीट से हमारी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ाने का प्रस्ताव रखा है। हम इस प्रस्ताव को लेकर विभिन्न पहलुओं पर विचार कर रहे हैं।'
त्रिवेदी ने बताया, 'सपाक्स पार्टी की जल्द आयोजित होने वाली आगामी बैठक में राणा को इंदौर से चुनाव लड़ाने पर अंतिम फैसला किया जाएगा। वैसे हम सूबे की 29 में से 11 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं जिनमें इंदौर शामिल है।'
2018 विधानसभा चुनाव से ठीक पहले बनी थी सपाक्स, नहीं जीती थी एक भी सीट
अनारक्षित तबके के हितों की पैरवी करने करने वाली सपाक्स पार्टी का गठन मध्यप्रदेश के नवंबर 2018 के पिछले विधानसभा चुनावों से ठीक पहले किया गया था। हालांकि, यह पार्टी कुल 230 में से 109 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के बावजूद एक भी सीट नहीं जीत सकी थी।
इस बीच, खुद राणा ने भी यह कहा है कि वह इंदौर से सपाक्स के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ना चाहता है। राणा ने कहा, 'हमने इसी साल जनवरी में राष्ट्रवादी जनलोक पार्टी (आरजेपी) बनायी है। चूंकि इस दल के पंजीकरण की प्रक्रिया चुनाव आयोग में फिलहाल लंबित है। इसलिये सपाक्स के साथ आरजेपी के प्रस्तावित गठबंधन के तहत मुझे इंदौर से सपाक्स के चुनाव चिह्न पर लोकसभा चुनाव लड़वाने पर विचार किया जा रहा है।'
राणा ने बताया, 'दिल्ली उच्च न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत कर जल्द गुहार की जाएगी कि मुझे इंदौर से लोकसभा चुनाव लड़ने की अनुमति दी जाए। अगर मुझे अदालत से चुनाव लड़ने की अनुमति नहीं मिलती है, तो मेरी पत्नी प्रतिमा राजे राणा (31) को इंदौर से चुनाव लड़ाने पर विचार किया जा सकता है जो मध्यप्रदेश से ही ताल्लुक रखती हैं।' बता दें कि राणा राजपूत समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। मोटे अनुमान के मुताबिक इंदौर लोकसभा क्षेत्र में इस समुदाय के 4.5 लाख मतदाता हैं। क्षेत्र में कुल मतदाताओं की तादाद 23 लाख से ज्यादा है।
उत्तरप्रदेश के मिर्जापुर से समाजवादी पार्टी की तत्कालीन सांसद फूलन देवी (37) की 25 जुलाई 2001 को दिल्ली में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में राणा को दिल्ली की एक अदालत ने आठ अगस्त 2014 को दोषी करार दिया था। इस मुजरिम को 14 अगस्त 2014 को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। राणा को दिल्ली उच्च न्यायालय से मामले अक्टूबर 2016 में जमानत मिल गई थी।
