मप्र के लोगों को शिवराज का तोहफा, दस रुपए में करें भरपेट भोजन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कहा जाता है कि राजनीति में मुफ्त के उपहारों और सस्ती चीजों का बड़ा महत्व है। इन्हें राजनीति में गेम चेंजर के तौर पर भी देखा जाता है।
तमिलनाडु में मुख्यमंत्री जयललिता द्वारा शुरू की गई अम्मा कैंटीन और छत्तीसगढ़ में चार रुपये किलो चावल जैसी कुछ ऐसी ही योजनाएं हैं जिन्होंने सत्तारूढ़ सरकारों को दोबारा सत्ता में लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अब इसी कड़ी में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का नाम भी जुड़ गया है। जो आम जनता के लिए दस रुपये में भरपेट योजना वाली योजना लाने वाले हैं।
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार मुख्यमंत्री शिवराज सिंह जल्द ही भोपाल में इस योजना को लांच कर सकते हैं। जानकारी के अनुसार हाल ही में पंचमढ़ी में हुई भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में इस योजना पर सहमति बनी।
माना जा रहा है कि भाजपा संस्थापक रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय के 25 सितंबर को जन्मदिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री इस योजना की घोषणा कर सकते हैं। गरीबों के लिए शुरू होने वाली इस योजना में दस रुपये की थाली में भरपेट और पौष्टिक भोजन दिया जाएगा।
माना जा रहा है कि दो साल बाद होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए सरकार यह महत्वाकांक्षी योजना लागू करने जा रही है। जानकारी के अनुसार इस दस रुपये की थाली में रोटी, दाल, सब्जी, चावल और अचार दिया जाएगा। शुरूआत में यह स्कीम भोपाल में लाँच की जाएगी जिसके बाद इसे इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और अन्य शहरों में भी लागू किया जाएगा। इन शहरों में स्थानीय नगर निगम प्रशासन के स्वास्थ्य विभाग को शहर में जगह जगह यह भोजन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी जाएगी।
भाजपा के राज्य उपाध्यक्ष अजय प्रताप सिंह के अनुसार मध्यप्रदेश सरकार की यह अन्नपूर्णा योजना गरीबों के लिए उचित दर पर भोजन उपलब्ध कराने के लिए है। उन्होंने बताया कि जल्द ही इसकी घोषणा की जा सकती है।
