{"_id":"64a4048473b61aadc10defab","slug":"mp-news-dalit-society-in-protest-against-union-minister-prahlad-patel-was-angry-with-police-action-on-death-of-2023-07-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"MP News: केंद्रीय मंत्री के विरोध में दलित समाज, युवक की मौत पर पुलिस कार्रवाई से नाराज हुए थे प्रहलाद पटेल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
MP News: केंद्रीय मंत्री के विरोध में दलित समाज, युवक की मौत पर पुलिस कार्रवाई से नाराज हुए थे प्रहलाद पटेल
Tue, 04 Jul 2023 05:07 PM IST
अरविंद कुमार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह
Published by: अरविंद कुमार
Updated Tue, 04 Jul 2023 05:07 PM IST
सार
MP News: मध्यप्रदेश के दमोह जिले में दलित समाज ने मंगलवार दोपहर अस्पताल चौराहे पर केंद्रीय राज्यमंत्री प्रहलाद सिंह पटेल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में मध्यप्रदेश के पूर्व वित्तमंत्री जयंत मलैया के बेटे सिद्धार्थ मलैया ने भी दलित समाज का समर्थन किया और बिना नाम लिए सांसद पर भी निशाना साधा।
विज्ञापन
केंद्रीय मंत्री के विरोध में दलित समाज
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
दमोह में राशन दुकान संचालक विक्की रोहित की आत्महत्या के मामले में मंगलवार को दलित समाज के लोगों द्वारा अस्पताल चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया गया। दमोह सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री प्रहलाद सिंह पटेल के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की गई। इस प्रदर्शन में मध्यप्रदेश के पूर्व वित्त मंत्री जयंत मलैया के बेटे सिद्धार्थ मलैया ने भी दलित समाज का समर्थन किया और बिना नाम लिए सांसद पर भी निशाना साधा।
विज्ञापन
बजरिया वार्ड क्रमांक तीन के राशन दुकान संचालक विक्की रोहित ने राशन दुकान में ही पिछले दिनों आत्महत्या कर ली थी। उसके पास से दो पन्नों का एक सुसाइड नोट मिला था, जिसमें दमोह सांसद के करीबी यशपाल ठाकुर, भाजपा नेता मोंटी रैकवार और दो सेल्समैन के नाम प्रताड़ित करने वालों में लिखा था। पुलिस ने इस मामले में इन चारों पर आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की धारा के तहत मामला दर्ज किया था। चार दिन पूर्व जब केंद्रीय राज्यमंत्री प्रहलाद सिंह पटेल दमोह पहुंचे तो यशपाल ठाकुर के समर्थन में धर्मपुरा वार्ड के दर्जनों लोग उनके बंगले पर पहुंच गए और यशपाल ठाकुर को निर्दोष बताया।
विज्ञापन
लोगों की बात सुनने के बाद केंद्रीय राज्यमंत्री ने पुलिस पर अपना गुस्सा जाहिर किया। मंत्री पटेल ने कहा, पुलिस ने इस मामले में जल्दबाजी की है। बिना जांच के एफआईआर दर्ज की है, इसलिए मैं पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट हूं और न्याय मिलने तक मैं दमोह पुलिस की कोई भी सेवाएं नहीं लूंगा। मंत्री के इस बयान के बाद ग्रह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के पास भी यह मामला पहुंचा, उन्होंने कहा कि प्रहलाद पटेल उनके वरिष्ठ नेता हैं। इसलिए इस मामले की जांच भोपाल सीआईडी से कराई जाएगी।
विज्ञापन
वहीं कांग्रेस ने भी बयानबाजी शुरू कर दी। मंगलवार को दलित समाज के लोग केंद्रीय मंत्री के खिलाफ और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अस्पताल चौराहे पर धरने पर बैठ गए। इस दौरान दलित समाज के कई युवाओं ने मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनसे इस्तीफे की मांग तक कर दी। इसके अलावा उनके खिलाफ कई गंभीर आरोप भी लगाए।
पूर्व वित्त मंत्री के बेटे सिद्धार्थ ने बिना नाम लिए साधा निशाना...
मध्यप्रदेश के पूर्व वित्त मंत्री जयंत मलैया के बेटे सिद्धार्थ मलैया ने समाज का समर्थन किया और धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि हम यह नहीं कह रहे कि जिनका नाम लिखा है वह दोषी हैं, लेकिन हम यह भी नहीं कह रहे कि वह निर्दोष हैं। हम केवल यह कह रहे हैं कि जो न्याय की प्रक्रिया है वह सतत चलने दो। उसमें आप दखल मत कीजिए, अगर पुलिस कार्रवाई कर रही है तो उसमें क्या दखल देने की जरूरत है। आज से एक, दो साल बाद हो सकता है, वह लोग बरी हो जाएं। हम उसको स्वीकार करेंगे और हो सकता है वह देश दोषी सिद्ध हो जाएं तो उसको भी स्वीकार करना होगा। पर आप न्याय के बीच दखल मत दीजिए।
यहां पर बगैर नाम लिए सिद्धार्थ मलैया ने केंद्रीय राज्य मंत्री और दमोह लोकसभा क्षेत्र के सांसद प्रहलाद पटेल की ओर इशारा करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि आप समाज के बीच में संघर्ष न करवाइए, जिनका नाम उस सुसाइड नोट में लिखा है उनके खिलाफ न्यायालय को अपना काम करने दीजिए। यह केवल अकेले अहिरवार समाज की बात नहीं है। हम दमोह में रहते हैं यह हमारी बात है, यह न्याय की बात है। उस न्याय के रास्ते में आप रोड़ा मत अटकाए, जिन लोगों के नाम लिखे हैं वह दोषी सिद्ध हो जाए तो कोई दिक्कत नहीं और दोषी सिद्ध न हो तो भी कोई बात नहीं। मेरा सिर्फ कहना है कि कौन दोषी है कौन नहीं यह न्यायालय तय करेगा। हम केवल किसी को अपना कार्यकर्ता मानकर उसे लेकर दखल देंगे तो जनता के साथ यह न्याय की बात नहीं अन्याय होगा। खासतौर पर तब जब एक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि इस तरह की बात करते हैं।
परिजनों ने खुलकर लगाए सांसद पर आरोप...
मृतक विक्की रोहित के चाचा भाजपा से दो बार पार्षद रह चुके लखन रोहित ने कहा कि हमारे सांसद जिन्हें हमने दो बार जिताया अपनी जान लगाई आज वो हमारे विरोध में खड़े हैं। हम 82 से भाजपा पार्टी से जुड़े हैं इसी पार्टी में है दो बार पार्षद रह चुके हैं। हमारी मांग है कि हमें न्याय मिले। आरोपियों की गिरफ्तारी हो। पुलिस का धन्यवाद जिन्होंने सही कार्रवाई की।
मृतक के भाई सौरभ रोहित ने कहा कि हमारे भाई को न्याय मिले इसलिए धरना दे रहे हैं, जिन लोगों पर आरोप है उनकी गिरफ्तारी हो इन लोगों ने मेरे भाई को मरने पर मजबूर किया है। हम पुलिस कार्रवाई से संतुष्ट हैं। मंत्री चाहते हैं कि उन लोगों पर कार्रवाई न हो क्योंकि एक आरोपी उनकी जाति का है। इसलिए पुलिस पर दबाव डाल रहे हैं कि पुलिस ने गलत किया है, जबकि पुलिस ने सही कार्रवाई की है।
परिवार से जुड़े एक और युवा धर्मेंद्र अहिरवार ने सांसद के खिलाफ काफी गुस्सा जाहिर किया। उसने कहा कि सांसद को एक मृतक की आत्मा नहीं दिख रही न ही सांसद को विक्की की पत्नी दिख रही जो विधवा हो गई है, जिस विक्की रोहित ने सांसद के लिए अपना जी जान लगाकर उन्हें दो बार अपने वार्ड से चुनाव जिताया, आज वह उसके खिलाफ हो गए। इस दौरान एसडीएम गगन बिसेन के साथ सीएसपी भावना दांगी और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। करीब तीन घंटे तक यह प्रदर्शन चलता रहा और परिजनों ने अपनी मांगों के संबंध में एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा।
