एमपी: रतलाम की पहाड़ियों पर मिला मानव कंकाल, 21 दिन से लापता 20 वर्षीय गोलू कटारा का होने की आशंका
रतलाम में बिलड़ी और विघापटन के बीच पहाड़ियों पर मानव कंकाल मिला है। ग्रामीणों ने इसके 24 अक्टूबर से लापता 20 वर्षीय गोलू कटारा का होने की आशंका जताई है। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
विस्तार
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में शनिवार को पहाड़ियों पर मानव कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। कंकाल बिलड़ी और विघापटन के बीच पहाड़ियों पर मिला है। यह स्थान बिलड़ी-रावटी रेलवे ट्रैक से करीब 500 मीटर दूर है। ग्रामीणों ने कंकाल देखकर गांव के सरपंच को सूचना दी। कंकाल की स्थिति देखकर प्रतीत हो रहा है कि शरीर पर केवल हड्डियां बची हैं। उसका एक पैर भी गायब है।
सूचना मिलते ही रावटी थाना प्रभारी मनीष डाबर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के इलाके में तलाशी ली, जहां से काले रंग की एक टी-शर्ट बरामद हुई है। प्राथमिक जांच में कंकाल किसी पुरुष का होने की आशंका जताई जा रही है।
24 अक्टूबर से लापता है युवक
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि कंकाल 24 अक्टूबर से लापता 20 वर्षीय गोलू कटारा का हो सकता है। विघापटन निवासी गोलू के पिता का नाम हेरजी कटारा है। गोलू शादीशुदा था और उसकी एक छोटी बेटी है। वह रतलाम में किराए का कमरा लेकर कॉलेज की पढ़ाई कर रहा था।
पढ़ें: इंदौर में सड़क पर विवाद के बाद खूनी संघर्ष: रॉन्ग साइड से आ रहे युवकों ने किया चाकू से हमला, एक गिरफ्तार
बताया गया कि दशहरे की छुट्टियों में वह अपने घर आया था। 24 अक्टूबर को उसके कुछ दोस्त उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत स्टेशन रोड थाने में दर्ज कराई थी।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
पुलिस ने फिलहाल कंकाल की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। रावटी थाना पुलिस क्षेत्र में हाल के दिनों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जांच कर रही है। ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है। एफएसएल टीम मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटनास्थल पर जांच पूरी होने के बाद कंकाल को मेडिकल कॉलेज भेजा जाएगा। इसके बाद जांच और पहचान की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

