फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   kanha tiger reserve elephants seven day rejuvenation camp

कान्हा टाइगर रिजर्व: ड्यूटी पर तैनात 16 हाथियों को सात दिन की ‘छुट्टी’, मालिश-खेल के साथ मिलेगा खास आहार

Fri, 11 Sep 2026 05:26 PM IST
मंडला ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मंडला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मंडला Published by: मंडला ब्यूरो Updated Fri, 11 Sep 2026 05:26 PM IST
सार

कान्हा टाइगर रिजर्व में ड्यूटी पर तैनात 16 विभागीय हाथियों को 15 से 20 सितंबर तक सात दिन का आराम मिलेगा। सुपखार में आयोजित पुनर्जीवन कैंप में हाथियों की मालिश, स्वास्थ्य जांच, विशेष आहार और खेल गतिविधियां होंगी। महावतों को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह कैंप लगातार 16 वर्षों से आयोजित हो रहा है।

विज्ञापन
kanha tiger reserve elephants seven day rejuvenation camp
मंडला में हाथियों का अवकाश देने का अनोखा कैंप - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

विश्व प्रसिद्ध कान्हा टाइगर रिजर्व में जंगल और वन्यजीवों की सुरक्षा में सालभर ड्यूटी करने वाले विभागीय हाथियों को अब सात दिन आराम और सुकून का मौका मिलेगा। सुपखार परिक्षेत्र में 15 से 20 सितंबर तक पुनर्जीवन (रिजुविनेशन) कैंप आयोजित किया जाएगा। इस दौरान हाथियों को नियमित ड्यूटी से अलग रखकर उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
विज्ञापन


कान्हा टाइगर रिजर्व में वर्तमान में 16 विभागीय हाथी हैं। इनमें 9 नर, 6 मादा और एक नवजात हाथी शामिल है। ये हाथी वन्यजीव संरक्षण, गश्त, अनुश्रवण, ट्रांसलोकेशन और मानसून के दौरान विशेष गश्त जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में वन विभाग का सहयोग करते हैं।
विज्ञापन


देखें वीडियो


नहाने के बाद होगी शरीर और पैरों की मालिश
कैंप के दौरान हाथियों की दिनचर्या पूरी तरह अलग रहेगी। सुबह उन्हें जंगल से कैंप में लाया जाएगा। यहां नहलाने के बाद उनके शरीर और पैरों की मालिश की जाएगी। इसके बाद स्वास्थ्य परीक्षण और देखभाल की गतिविधियां होंगी। दोपहर में महावत और चाराकटरों के साथ परिचय एवं खेल गतिविधियां कराई जाएंगी। शाम को भोजन कराने के बाद हाथियों को वापस जंगल में छोड़ा जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन


ये भी पढ़ें- जबलपुर: हिजाब और धार्मिक प्रथाओं के आरोपों पर हाईकोर्ट का फैसला, एफआईआर रद्द करने से किया इनकार, याचिका खारिज

खास आहार के साथ होगी स्वास्थ्य की जांच
कैंप में हाथियों को बेहतर और विशेष आहार दिया जाएगा। वन्यजीव चिकित्सक नियमित रूप से उनकी सेहत की जांच करेंगे। रक्त, फीकल और मूत्र के नमूने लेकर प्रयोगशाला में परीक्षण कराया जाएगा। प्रत्येक हाथी का शारीरिक माप भी निर्धारित प्रपत्र में दर्ज किया जाएगा, जिससे उनके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी की जा सके।

मानसिक रूप से भी तरोताजा होंगे हाथी
कैंप का उद्देश्य केवल हाथियों को शारीरिक आराम देना नहीं है, बल्कि उन्हें मानसिक रूप से भी तरोताजा करना है। सभी हाथियों को एक साथ रहने, खाने और विभिन्न गतिविधियों में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इससे उनके आपसी सामाजिक व्यवहार के लिए भी अनुकूल वातावरण तैयार होगा।


महावत और चाराकटरों को भी मिलेगा प्रशिक्षण
कैंप के दौरान हाथियों की देखभाल करने वाले महावत और चाराकटर भी प्रशिक्षण लेंगे। वरिष्ठ महावत उन्हें हाथियों के रखरखाव, उनके व्यवहार को समझने और देखभाल से जुड़े जरूरी निर्देशों के संबंध में प्रशिक्षण देंगे।

16 साल से चली आ रही परंपरा
कान्हा टाइगर रिजर्व प्रबंधन हाथियों के संरक्षण और कल्याण को प्राथमिकता देते हुए लगातार 16 वर्षों से पुनर्जीवन कैंप आयोजित कर रहा है। जंगल की कठिन ड्यूटी के बीच सात दिनों का यह कैंप हाथियों के लिए आराम, बेहतर स्वास्थ्य देखभाल और अपने साथियों के साथ समय बिताने का खास अवसर होगा।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed