Indore: इंदौर के मल्हारगंज में मेट्रो स्टेशन का विरोध, व्यापारियों ने बंद रखी दुकानें
शहर के विकास कार्यों के लिए बुलाई गई बैठक में मंत्री विजयवर्गीय ने स्पष्ट किया था मेट्रो का स्टेशन मल्हारगंज में बनेगा, लेकिन एक भी मकान नहीं टूटेगा। स्टेशन दिल्ली के चांदनी चौक की तर्ज पर नई तकनीक से बनेगा। इसके लिए कोई निर्माण नहीं तोड़ना पड़ेगा।
विस्तार
इंदौर में मेट्रो के अंडरग्राउंड हिस्से का काम अभी तक शुरू नहीं हो पाया है और उसके स्टेशनों का विरोध भी शुरू हो गया है। मेट्रो ट्रेन के लिए एक स्टेशन मल्हारगंज में बनना है। इसके लिए 12 से ज्यादा मकान बाधक बने हुए है। पिछले दिनों मंत्री विजयवर्गीय ने मंच से सार्वजनिक रुप से घोषणा की थी कि मेट्रो का स्टेशन मल्हारगंज में नहीं बनेगा, लेकिन स्टेशन के लिए मिट्टी परीक्षण कराया जा रहा है। इसका लगातार विरोध हो रहा है।
ये खबर भी पढ़ें: indore weather news: इंदौर में पारा 7.6 डिग्री, रात से सुबह तक ठिठुर रहे लोग, दोपहर में थोड़ी राहत
शनिवार को व्यापारियों ने दुकानें बंद रखी और विरोध जताया। उन्होंने प्रोजेक्ट के खिलाफ नारेबाजी की। विरोध प्रदर्शन में भाजपा नेता सत्यनारायण सत्तन और कांग्रेस नेता कृपाशंकर शुक्ला भी मौजूद थे। व्यापारियों का कहनर है कि स्टेशन का स्थान बदला जाना चाहिए। जब अंडरग्राउंड रुट को पलासिया चौराहे से पहले करने का फैसला लिया गया है तो फिर स्टेशन भी बदला जा सकता है।
शहर के विकास कार्यों के लिए बुलाई गई बैठक में मंत्री विजयवर्गीय ने स्पष्ट किया कि मेट्रो का स्टेशन तो मल्हारगंज में बनेगा, लेकिन एक भी मकान नहीं टूटेगा। स्टेशन दिल्ली के चांदनी चौक की तर्ज पर नई तकनीक से बनेगा। इसके लिए कोई निर्माण नहीं तोड़ना पड़ेगा, लेकिन क्षेत्र के रहवासी और दुकानदार लगातार इसका विरोध कर रहे है।
आपको बता दें कि मल्हारगंज क्षेत्र में फिर से मेट्रो प्रोजेक्ट को लेकर मिट्टी परीक्षण शुरू किया है। अभी भी वहां मशीनें परीक्षण कर रही है। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई है। रहवासियों का कहना है कि पहले ही सार्वजनिक रूप से घोषणा की गई थी कि मल्हारगंज में मेट्रो स्टेशन नहीं बनेगा।इसके बावजूद अधिकारी मिट्टी परीक्षण कर रहे है। स्टेशन के लिए जमीन अधिगृहित करने के लिए कुछ रहवासियों को नोटिस दिए गए है। बीते सालभर से स्टेशन को लेकर रहवासी विरोध जता रहे थे।
