Indore: इंदौर के नंदानगर में तीन दुकानें जली, शार्ट सर्किट से लगी आग
इंदौर के नंदानगर क्षेत्र में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने से तीन दुकानें जलकर राख हो गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास की दुकानों में भी अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
विस्तार
इंदौर के नंदानगर क्षेत्र में तीन दुकानें जलकर राख हो गईं। आग की वजह शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग लगने के कारण मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई, क्योंकि आग आसपास की दूसरी दुकानों को भी चपेट में ले सकती थी। रहवासियों ने भी अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैली और दो दुकानों को चपेट में ले लिया।
सबसे पहले आग एक बोर्ड बनाने वाली दुकान में लगी थी। उसके बाद मेडिकल शॉप और एक चाट की दुकान चपेट में आ गई। लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल मौके पर पहुंची, लेकिन एक पार्ट्स नहीं होने के कारण पानी प्रेशर से आग लगने वाले हिस्से पर नहीं डाला जा सका। बाद में दूसरा पार्ट्स मंगाया गया। इसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। आग के कारण लाखों का सामान जलकर खाक हो गया।
आग लगने पर मौके पर काफी भीड़ हो गई। इस कारण एमआर-9 रोड पर वाहनों की कतार लगने लगी। वाहनों को दूसरी लेन से निकाला गया। आग पर एक घंटे में पूरी तरह काबू पा लिया गया। तीन दुकानों तक आग पहुंचने के बाद आसपास के दूसरे दुकानदारों ने भी दुकान खाली करने की तैयारी कर ली थी, लेकिन उससे पहले ही आग पर काबू पा लिया गया।
