Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Indore News ›   indore-sarrafa-bazaar-gold-silver-price-drop-buying-guide-news

बाजारः सोना चांदी खरीदने से पहले रुक जाएं! क्या 1 लाख 5 हजार पर गिरेगा भाव?

Mon, 23 Nov 2026 07:41 AM IST
अर्जुन रिछारिया न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इंदौर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इंदौर Published by: अर्जुन रिछारिया Updated Mon, 23 Nov 2026 07:41 AM IST
सार

इंदौर सराफा बाजार में सोने और चांदी के भाव में जारी उतार चढ़ाव के बीच वरिष्ठ कारोबारी रोहित ठाकुर ने निवेश और खरीदारी को लेकर अहम राय दी है, जिसमें संभावित गिरावट, भौतिक खरीदारी, हॉलमार्क और टैक्स बिल से जुड़े पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई है।

विज्ञापन
indore-sarrafa-bazaar-gold-silver-price-drop-buying-guide-news
इंदौर - फोटो : अमर उजाला, डिजिटल डेस्क, इंदौर

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इंदौर के सराफा बाजार में सोने और चांदी के भाव में चल रही तेजी और मंदी को लेकर ग्राहकों और निवेशकों में लगातार जिज्ञासा बनी हुई है। हर कोई यह जानना चाहता है कि मौजूदा हालात में सोना और चांदी खरीदना चाहिए, बेचना चाहिए या फिर बेहतर भाव के इंतजार में रुकना चाहिए। इसी विषय पर बातचीत के दौरान वरिष्ठ सराफा कारोबारी रोहित ठाकुर ने बाजार की मौजूदा परिस्थितियों, वैश्विक दबाव और आम उपभोक्ताओं की स्थिति पर विस्तार से अपने विचार रखे।
विज्ञापन


वैश्विक हालात से भाव में उतार चढ़ाव आ रहा
बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में वैश्विक हालात काफी चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं और विश्व स्तर पर मंदी का दौर चल रहा है। इसके साथ ही अमेरिका की फेडरल नीतियों और ब्याज दरों से जुड़े संभावित फैसलों के असर से सोने और चांदी के बाजार में उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि एक समय बिटक्वाइन 1 करोड़ 30 लाख रुपये के स्तर तक पहुंचा था, जिसकी कीमत घटकर 56 लाख रुपये के आसपास आ गई। इसी तरह सोना 1 लाख 90 हजार रुपये के स्तर से फिसलकर 1 लाख 25 हजार रुपये के दायरे में आया और चांदी भी 4 लाख 20 हजार रुपये के उच्च स्तर से बदलकर 1 लाख 56 हजार रुपये के आसपास पहुंच गई।
विज्ञापन


जरूरत के समय सोने का महत्व अधिक होता है
उन्होंने समझाया कि लोग सोने की ओर क्यों आकर्षित होते हैं, इसके पीछे तरलता और तुरंत जरूरत पूरी करने की क्षमता सबसे बड़ा कारण है। यदि किसी व्यक्ति को जमीन या संपत्ति बेचनी हो तो उसमें 2 से 5 साल तक का समय और विचार करना पड़ सकता है, और बड़ी संपत्ति बेचते समय कीमत में भी कटौती झेलनी पड़ती है। इसके विपरीत सोने के साथ तुरंत जरूरत में सहारा मिलने की सुविधा रहती है। चाहे अस्पताल का खर्च हो, स्कूल की फीस हो या परिवार की कोई आकस्मिक जरूरत, लोग सोने के माध्यम से अपनी जरूरतें आसानी से पूरी कर पाते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


आम ग्राहकों की बाजार में वापसी होगी
भावों में आए तेज बदलाव का असर आम ग्राहकों और आभूषण निर्माण से जुड़े कामकाज पर भी साफ दिखा। उन्होंने कहा कि जब चांदी 40 हजार रुपये प्रति 100 ग्राम के हिसाब से दिखती थी तो मध्यम वर्ग और वेतनभोगी परिवारों के लिए खरीदारी करना मुश्किल हो जाता था। जब चांदी 14 हजार से 15 हजार रुपये के स्तर पर आती है तो ग्राहकों की दिलचस्पी फिर लौटती है। वहीं जब भाव बहुत ऊंचे चले गए तो राजकोट और अन्य स्थानों पर आभूषण बनाने वाले कई कारखानों के सामने कामकाज ठप होने जैसी स्थिति बन गई थी, जबकि इस क्षेत्र से करोड़ों लोगों की आजीविका जुड़ी है। उन्होंने कहा कि बाजार में स्थिरता और सामान्य कामकाज रहना बेहद जरूरी है ताकि पहनने के लिए चेन, अंगूठी, टॉप्स या बिछुड़े लेने वाले सामान्य ग्राहकों को सहूलियत मिल सके।

किसान और आदिवासी भी सोने-चांदी से दूर हो गए
ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि पहले 10 एकड़ जमीन में 100 क्विंटल गेहूं होने पर किसान के पास करीब 3 लाख रुपये बचते थे और परिवार 50 से 3 तोला सोना घर ले जाता था, लेकिन खेती की लागत और कम बचत के कारण किसान भी सोने से दूर होता गया। उन्होंने झाबुआ और अलीराजपुर के आदिवासी समाज का जिक्र करते हुए कहा कि वहां शादी विवाह में चांदी के आभूषणों की परंपरा रही है। पहले जहां 1 लाख रुपये में शादी के जेवर आ जाते थे, वहीं भाव बढ़कर 8 लाख रुपये तक पहुंचने पर लोगों को शादी ब्याह के आयोजनों में सोना चांदी न लाने जैसा फैसला तक करना पड़ा।

खरीदारी के लिए और इंतजार की सलाह
सोना और चांदी खरीदने के सही समय को लेकर उन्होंने कहा कि अभी खरीदारी का अच्छा समय बन रहा है, लेकिन थोड़ा इंतजार भी किया जा सकता है। उनके अनुसार सोने के भाव में अभी और नरमी आने की संभावना है और इसके 1 लाख 5 हजार रुपये या 1 लाख 7 हजार रुपये के आसपास आने की पूरी संभावना दिखती है। उन्होंने कहा कि 1 लाख 5 हजार रुपये के स्तर को सुरक्षित और उपयुक्त भाव माना जा सकता है, हालांकि मौजूदा भाव पर भी खरीदारी की जा सकती है क्योंकि भविष्य में इसमें फिर तेजी आने की उम्मीद है। साथ ही उन्होंने बताया कि सोने के साथ चांदी के भाव भी गिरने की संभावना है और चांदी के 1 लाख 20 हजार रुपये के स्तर तक आने की संभावना जताई जा रही है।

ऑनलाइन माध्यम के बजाय सीधे सोना खरीदना बेहतर
निवेश की सुरक्षा और माध्यमों को लेकर उन्होंने कहा कि आज के समय में सामान्य परिवार को 5 लाख रुपये में कहीं भी जमीन या संपत्ति नहीं मिल सकती, इसलिए सुरक्षित निवेश के रूप में सोना और चांदी अहम विकल्प बने रहते हैं। ईटीएफ और ऑनलाइन ट्रेडिंग के सवाल पर उन्होंने कहा कि कई बैंकों और कंपनियों ने गोल्ड तथा सिल्वर ईटीएफ शुरू किए हैं, लेकिन भौतिक रूप से खरीदा गया सोना या चांदी घर में रखने पर मानसिक सुकून मिलता है। डिजिटल या ईटीएफ में स्क्रीन पर घटती हुई संख्या देखकर निवेशकों को घबराहट महसूस होती है, जबकि भौतिक रूप से माल पास होने पर यह चिंता नहीं रहती।


हॉलमार्क और पक्के बिल से ग्राहकों को मिलती है सुरक्षा
सराफा बाजार से खरीदारी करते समय बरती जाने वाली सावधानियों पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि ग्राहकों को सरकार द्वारा निर्धारित एचयूआईडी और हॉलमार्क प्रमाणित आभूषण ही लेने चाहिए। इसके माध्यम से ग्राहक जांच कर सकते हैं कि संबंधित आभूषण का विवरण और पहचान सही है या नहीं। साथ ही उन्होंने ग्राहकों से अपील की कि वे खरीदारी करते समय पक्का बिल लें और नियमानुसार टैक्स चुकाएं। उन्होंने बताया कि पक्का बिल और टैक्स के साथ लिया गया माल सुरक्षित रहता है और भविष्य में किसी तरह की कमी या विवाद होने पर ग्राहक उपभोक्ता फोरम में जाकर शिकायत और दावा कर सकते हैं। अंत में उन्होंने कहा कि इंदौर में वे 20 वर्षों से अपनी फर्म के माध्यम से ग्राहकों की सेवा कर रहे हैं और सही जानकारी तथा पारदर्शी व्यवहार के साथ निवेश व खरीदारी का निर्णय लिया जाना चाहिए।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed