Indore News: इंदौर में युवक ने फ्लैट में की आत्महत्या, मानसिक तनाव झेल रहा था
कनाड़िया क्षेत्र में माता-पिता को खो चुके 25 वर्षीय युवक ने फ्लैट न बिक पाने के तनाव के चलते जहर खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने फ्लैट का दरवाजा तोड़कर शव बरामद किया। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इंदौर में युवक ने की अात्महत्या
विस्तार
इंदौर के कनाड़िया क्षेत्र में एक युवक ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। वह पांच साल पहले खरीदे गए फ्लैट में अकेला रहता था। उसकी एक गर्लफ्रेंड भी थी। उससे विवाद की बात भी सामने आ रही है, हालांकि परिजनों का कहना है कि वह कुछ समय से मानसिक तनाव में था। वह इंदौर के कॉल सेंटर में काम करता था, लेकिन वह विदेश में रहने वाली अपनी बहन के पास जाना चाहता था। फ्लैट उसके व उसकी बहन के नाम था, इस कारण वह बिक नहीं पा रहा था।
युवक हर्ष रामपाल ने शनिवार को जहर खाया था। उसकी गर्लफ्रेंड बार-बार उसे कॉल कर रही थी, लेकिन वह कॉल रिसीव नहीं कर रहा था। प्रेमिका को शंका हुई तो उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने फ्लैट का दरवाजा तोड़कर देखा तो सोफे पर उसका शव पड़ा था। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और कमरे की तलाशी ली।
कमरे में सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस ने उसका मोबाइल भी जब्त किया है, ताकि यह पता चल सके कि आत्महत्या करने से पहले उसने किन-किन लोगों से बात की है। कोविड के समय हर्ष के माता-पिता का निधन हो गया था। उसने व उसकी बहन ने मिलकर इंदौर में फ्लैट खरीदा था, लेकिन बहन के इंदौर नहीं आने के कारण वह फ्लैट नहीं बेच पा रहा था। वह फ्लैट बेचकर बहन के साथ विदेश में रहना चाहता था। हर्ष के कुछ परिजन इंदौर में रहते हैं, उनका कहना है कि वह उनसे भी ज्यादा बातें नहीं करता था।
