Indore News: शूटिंग में चाहिए गोल्ड तो छोड़ना होगा हार का डर, कॉमनवेल्थ चैंपियन ने दिए सफलता के मंत्र
Indore News: ओलंपिक कोच रौनक पंडित ने इंदौर में भारतीय शूटिंग के भविष्य पर अपनी राय साझा की। उन्होंने ओलंपिक में 4 से 6 पदक जीतने की उम्मीद जताते हुए खिलाड़ियों को मानसिक मजबूती और कोच की रणनीतिक भूमिका के महत्व को समझाया।
विस्तार
असफलता के डर से मुक्त होकर खेलों में जाएं
पंडित ने स्पष्ट किया कि एक निश्चित स्तर के बाद सभी खिलाड़ियों में समान प्रतिभा होती है, जहां कोच की भूमिका निर्णायक हो जाती है। कोच के पास तकनीकी समझ के साथ रणनीतिक सोच और ट्रेनिंग की सटीक योजना होना अनिवार्य है। चूंकि शूटिंग एक मानसिक खेल है, इसलिए इसमें शारीरिक फिटनेस के साथ मानसिक संतुलन का महत्व सबसे अधिक है। उन्होंने खिलाड़ियों को असफलता के डर से मुक्त होकर प्रक्रिया पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ रहा भारत का दबदबा
अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत के बढ़ते दबदबे का जिक्र करते हुए पंडित ने कहा कि देश कॉमनवेल्थ, एशियाई खेल और विश्व चैम्पियनशिप में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यदि व्यवस्था और प्रक्रियाओं में सुधार जारी रहा, तो भारत आने वाले लॉस एंजेलिस ओलंपिक में शूटिंग के क्षेत्र में 4 से 6 पदक जीत सकता है।
इंदौर के साथ पुराना रिश्ता
पंडित ने अपनी यादें साझा करते हुए बताया कि वर्ष 2001 में वे इंदौर से ही सीनियर नेशनल चैंपियन बने थे। उन्होंने संकल्प लिया कि वे इंदौर को न केवल स्वच्छता बल्कि शूटिंग के क्षेत्र में भी एक नई वैश्विक पहचान दिलाएंगे।
अनुशासन और चरित्र निर्माण पर जोर दिया
स्कूल के चेयरपर्सन सुजय जयराज और प्रिंसिपल डॉ. जेरिन जैकब ने भी शिक्षा के साथ-साथ खेलों के माध्यम से अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित करने पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित ओपन हाउस सेशन में छात्रों और अभिभावकों को शूटिंग से मिलने वाली एकाग्रता और नियंत्रण के बारे में जानकारी दी गई।
