इंदौर के कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में शुरू हुआ 14D थिएटर मंगलवार से आम लोगों के लिए खोल दिया गया। पहले ही दिन थिएटर के लगभग सभी शो हाउसफुल रहे। टिकट के लिए लंबी लाइनें देखी गई। परिवार और बच्चों के साथ बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचे और मूविंग सीट्स, विजुअल इफेक्ट्स और अलग-अलग राइडिंग इफेक्ट्स के साथ फिल्म देखने का अनुभव लिया। पहले दिन थिएटर में महिलाओं और बच्चों के साथ बड़ी संख्या में युवा भी पहुंचे। सीटों की मूवमेंट और विजुअल इफेक्ट्स के साथ फिल्म देखने का अनुभव बच्चों को खासा पसंद आया।
2 of 6
अंदर कई तरह के आकर्षक डिजाइन बनाए गए हैं।
- फोटो : अमर उजाला, डिजिटल डेस्क, इंदौर
देशभर के आर्टिस्टों ने तैयार किया प्रोजेक्ट
थिएटर के संचालक अमित श्राफ ने बताया कि थिएटर को तैयार करने के लिए देशभर से आर्टिस्ट बुलाए गए। अमित खुद एक इंजीनियर हैं और उन्होंने कहा कि हम इंदौर को तकनीक आधारित एक बेहतर मनोरंजन केंद्र देना चाहते थे। उसी दिशा में काम किया और आज हमें इस बात की खुशी है कि इंदौर के लोगों को भी यह बहुत पसंद आया। अमित ने बताया कि 4.5 करोड़ रुपये की लागत से पीपीपी मॉडल पर निर्मित 14D सिनेमा थियेटर देश में इस तरह का पहला प्रोजेक्ट है।
3 of 6
दीवारों को अलग-अलग थीम पर सजाया गया है।
- फोटो : अमर उजाला, डिजिटल डेस्क, इंदौर
पहले दिन टिकट और शो के लिए लगा लंबा समय
पहले दिन बहुत अधिक भीड़ होने के कारण लोगों को टिकट से लेकर अंदर के शो तक के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। अलग-अलग जोन में जाते समय भी लोगों को इंतजार करना पड़ा। हालांकि लोगों का उत्साह देखते ही बनता था। बच्चों से लेकर बड़े तक शो के अंदर जाने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। पहले दिन सुरक्षाकर्मियों को भी भीड़ को संभालने के लिए खासी मशक्कत करना पड़ी।
4 of 6
थिएटर बच्चों को सबसे अधिक रोमांचित करता है।
- फोटो : अमर उजाला, डिजिटल डेस्क, इंदौर
बच्चों और अभिभावकों को पसंद आया नया रोमांच
दर्शकों के मुताबिक रोलर कोस्टर जैसी राइड बच्चों के लिए सबसे रोमांचक रही। कुछ बच्चों ने शो के बाद अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने पहले ऐसा थिएटर नहीं देखा। कई बच्चों के लिए सीटों का अचानक ऊपर-नीचे और आगे-पीछे होना रोमांच का मुख्य आकर्षण रहा। बच्चों के साथ पहुंचे अभिभावकों ने बताया कि 14D थिएटर सामान्य फिल्म देखने से बिल्कुल अलग अनुभव देता है। मूविंग सीट्स और अलग-अलग इफेक्ट्स के कारण फिल्म के दृश्य ज्यादा रोमांचक महसूस होते हैं। कुछ दर्शकों ने कहा कि अब यह इंदौर में घूमने की पसंदीदा जगहों में शामिल हो गई है। उन्होंने कहा कि शहर में आने वाले रिश्तेदारों को भी 14D थिएटर का अनुभव जरूर कराएंगे। कई लोगों ने इसे पैसा वसूल अनुभव बताया।
5 of 6
आकर्षक फव्वारे लगाए गए हैं।
- फोटो : अमर उजाला, डिजिटल डेस्क, इंदौर
युवाओं में 14D और वर्चुअल जंगल सफारी का क्रेज
थिएटर को लेकर युवाओं में भी खासा उत्साह नजर आया। उन्होंने सीटों की मूवमेंट, विजुअल इफेक्ट्स और राइड को इसकी सबसे खास खूबियां बताया। युवाओं के मुताबिक शहर में मनोरंजन के दूसरे विकल्पों की तुलना में 14D थिएटर का अनुभव अलग है। वर्चुअल जंगल सफारी को लेकर भी दर्शकों में खासा उत्साह रहा। कुछ लोगों को जंगल सफारी का अनुभव अच्छा लगा, जबकि कुछ ने इसे अपेक्षा के मुताबिक प्रभावी नहीं माना। पहले दिन दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया के बाद 14D थिएटर कमला नेहरू जू में मनोरंजन के नए आकर्षण के रूप में उभरता नजर आया।