इंदौर: ट्रैफिक वार्डन शुभी जैन से पुलिसकर्मी की बहस, ‘लेडिज जात’ कहने पर जताई आपत्ति; मचा बवाल
इंदौर में ट्रैफिक संभालकर अपनी अलग पहचान बनाने वाली ट्रैफिक वार्डन शुभी जैन इस बार पुलिसकर्मियों के कथित आपत्तिजनक व्यवहार को लेकर चर्चा में हैं। सिग्नल पर रिक्शा चालक से विवाद के दौरान मौके पर पहुंचीं शुभी को एक पुलिसकर्मी ने लेडिज जात कहा।
विस्तार
इंदौर की सड़कों पर ट्रैफिक संभालकर सुर्खियों में रहने वाली ट्रैफिक वार्डन शुभी जैन को लेकर विवाद सामने आया है। ट्रैफिक संभालने के दौरान शुभी का दो पुलिसकर्मियों से विवाद हो गया। बताया गया कि दोनों पुलिसकर्मी एक आरोपी को बाइक पर बैठाकर ले जा रहे थे। इसी दौरान सिग्नल पर उनका एक रिक्शा चालक से विवाद हो गया और वे उसकी रिक्शा के फोटो खींचने लगे।
विवाद होता देख शुभी जैन मौके पर पहुंचीं। शुभी के मुताबिक, इस दौरान एक पुलिसकर्मी ने उनसे कहा, "आप लेडिज जात हो, आप मुझसे बात मत करो।" पुलिसकर्मी द्वारा ‘लेडिज जात’ कहकर संबोधित किए जाने पर शुभी ने आपत्ति जताई। बाद में उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो पोस्ट कर पूरी घटना के बारे में बताया।
शुभी ने वीडियो में कहा कि वह ट्रैफिक संभालते समय हमेशा लोगों से मुस्कुराकर बात करती हैं। विवाद होता देखकर वह मौके पर पहुंची थीं, लेकिन उनके मुताबिक दोनों पुलिसकर्मियों ने उनसे आपत्तिजनक शब्द कहे। शुभी ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी रिक्शा चालक की गाड़ी के फोटो खींच रहे थे, उसका नंबर नोट कर रहे थे और चालान बनाने की बात कह रहे थे, जबकि वे ट्रैफिक विभाग में पदस्थ नहीं हैं।
शुभी ने कहा कि पुलिस को देखकर आम लोगों के मन में डर नहीं, बल्कि सुरक्षा का भाव पैदा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कई बार पुलिसकर्मियों का व्यवहार आम लोगों के बीच पुलिस की छवि को प्रभावित करता है। मामला सामने आने के बाद ट्रैफिक डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने घटना की रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।
