इंंदौर : वरिष्ठ नागरिक दिवस के कार्यक्रम में नहीं बुलाने पर महिला पार्षद भड़की, मनाते रहे अफसर
वरिष्ठ नागरिक दिवस पर नगर निगम के आयोजन में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित नहीं किए जाने से विवाद खड़ा हो गया। वार्ड में आयोजित कार्यक्रम में पार्षद रुपाली पेंढारकर को सूचना नहीं देने पर वे आयोजन स्थल पहुंचीं और अफसरों पर नाराजगी जताई।
विस्तार
इंदौर के राजवाड़ा क्षेत्र के वार्ड में वरिष्ठ नागरिक दिवस पर हुए आयोजन में वार्ड की पार्षद को आमंत्रित नहीं किया गया। इससे नाराज़ पार्षद रुपाली पेंढारकर आयोजन स्थल पर पहुंचीं और अफसरों पर खूब नाराज़ हुईं। उन्होंने अफसरों से कहा कि उनके ही वार्ड के कम्युनिटी हॉल में आयोजन किया जा रहा है। उनके बूथ से वरिष्ठ नागरिकों को कार्यक्रम में लाया गया, लेकिन न तो विधायक गोलू शुक्ला को कार्यक्रम की जानकारी दी गई और न ही क्षेत्रीय पार्षद को। इसके बाद अफसर अपनी गलती भी मानने को तैयार नहीं हैं।
बाद में पार्षद के पिता अरुण पेंढारकर भी मौके पर पहुंचे और अफसरों पर नाराज़ हुए। पार्षद रुपाली ने कहा कि अफसरों का रवैया गैर-जिम्मेदाराना है। वे जनप्रतिनिधियों को ही निगम के आयोजनों में नहीं बुला रहे हैं, जबकि जनता के बीच उन्हें वोट मांगने जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि अफसरों की शिकायत मेयर से की जाएगी। बाद में पार्षद रुपाली प्रभारी मेयर के कहने पर उनके साथ कार्यक्रम में शामिल हुईं।
कुछ देर बाद आयोजन में प्रभारी मेयर राजेंद्र राठौर पहुंचे तो उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग ने नगर निगम के माध्यम से यह आयोजन कराया था। अफसरों ने जनप्रतिनिधियों को सूचना नहीं दी। यह गलत बात है। यह चूक कैसे हुई, इसकी जानकारी ली जा रही है।नगर निगम जनप्रतिनिधियों की संस्था है। कार्यक्रम का निमंत्रण पहुंचना चाहिए था।
