इंदौर में लुका-छिपी 2 की शूटिंग: फर्जी नंबर प्लेट की शिकायत, जांच में नहीं पाई गई अनियमितता
इंदौर में फिल्म लुका-छिपी 2 की शूटिंग चल रही है। पिछले दिनों सारा अली खान को बाइक पर छोड़ने जा रहे विक्की कौशल का सीन फिल्माया गया था। रविवार को बड़ा गणपति क्षेत्र में फिल्म का सीन फिल्माया। इस दौरान प्रशंसकों की भीड़ उमड़ी।
विस्तार
इंदौर में फिल्म लुका-छिपी 2 की शूटिंग चल रही है। पिछले दिनों सारा अली खान को बाइक पर छोड़ने जा रहे विक्की कौशल का सीन फिल्माया गया था। रविवार को बड़ा गणपति क्षेत्र में फिल्म का सीन फिल्माया। इस दौरान प्रशंसकों की भीड़ उमड़ी। अगले कुछ दिनों तक इंदौर में अलग-अलग जगहों पर फिल्म की शूटिंग होगी।
दरअसल फिल्म लुका-छिपी 2 की शूटिंग के लिए अभिनेता विक्की कौशल और अभिनेत्री सारा अली खान इंदौर आए हैं। शूटिंग के बाद काम खत्म होते ही वे मुंबई निकल जाते हैं और शूटिंग होने पर वापस आते हैं। पिछले महीने से फिल्म की शूटिंग चल रही है। फिल्म में सारा अली खान का किरदार शिक्षिका का है। वे कोचिंग में पढ़ाने जाती हैं। इसके लिए इंदौर में सेट तैयार किया गया है। इसे डिंपीज कोचिंग क्लासेस नाम दिया है।
गत दिनों विक्की कौशल सारा अली खान को बाइक पर छोड़ने जा रहे थे। जवाहर मार्ग पर इस दृश्य की शूटिंग की गई थी। इसके बाद रविवार को बड़ा गणपति क्षेत्र में फिल्म का शॉट फिल्माया गया। जिस समय शूटिंग चल रही थी उस समय प्रशंसकों की भारी भीड़ उमड़ी। विक्की और सारा को देखने के लिए लोग भीड़ लगाकर खड़े रहे। सारा अली खान द्वारा बच्चों को पढ़ाने के दृश्य भी इंदौर में ही फिल्माए गए हैं। इस फिल्म की ज्यादातर शूटिंग शहर के सबसे पुराने इलाकों और बाजारों में की गई है।
बताया जा रहा है कि शहर में करीब एक माह तक शूटिंग चलेगी। इंदौर के राजबाड़ा, बड़ा रावला, लालबाग, हवा बंगला, छत्री के साथ ही 56 दुकान, विजय नगर, पलासिया, सराफा, अन्नपूर्णा रोड, केट रोड आदि स्थानों पर भी शूटिंग होगी। आने वाले दिनों में फिल्म से जुड़े अन्य कलाकार भी शहर आ सकते हैं।
फर्जी नंबर प्लेट की शिकायत, जांच में नहीं पाई गई अनियमितता
फिल्म की शूटिंग के साथ विवाद भी जुड़ गया है। पिछले दिनों फिल्माया गया बाइक का सीन पुलिस थाने तक पहुंचा है। दरअसल इस सीन के लिए जो बाइक प्रयुक्त की गई थी उसके नंबर फर्जी थे। असली नंबर वाले वाहन ने पुलिस से इसकी शिकायत की थी। इसके बाद अफसरों ने इस कृत्य को गलत माना था और जांच के बाद कार्रवाई की बात कही थी।
बाणगंगा के एसएचओ राजेंद्र सोनी ने कहा कि 'हमने मामले की जांच की और पाया कि वाहन 4872 नहीं था (जैसा कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था)। नंबर 1872 था लेकिन एक बोल्ट के कारण नंबर एक नंबर चार जैसा लग रहा था। उनके पास उस नंबर प्लेट की अनुमति थी। हमें इसमें कोई अनियमितता नहीं मिली।'
MP | We investigated the matter&found that the vehicle was not 4872 (as alleged by the complainant). The number was 1872 but due to a bolt, no 1 looked like number 4. They had permission for that number plate. We found no irregularities in it: Rajendra Soni, SHO, Banganga, Indore https://t.co/oJanl2wFhZ pic.twitter.com/tGkvElwQSi
— ANI (@ANI) January 3, 2022
इससे पहले बाणगंगा के एसआई राजेंद्र सोनी ने कहा था कि हमारे पास विक्की कौशल के खिलाफ शिकायत आई है। इस मामले की जांच की जाएगी और देखा जाएगा कि नंबर प्लेट का दुरुपयोग किया गया था या नहीं। मोटर व्हीकल एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। अगर फिल्म इकाई इंदौर में है, तो उनकी भी जांच की जाएगी।
शिकायकर्ता का नाम जय सिंह यादव है। उनका कहना था कि फिल्म की शूटिंग में जिस बाइक का उपयोग किया गया था उसमें जो नंबर प्लेट थी वह मेरी गाड़ी का नंबर है। कल से यदि उस बाइक से कोई हादसा हो गया तो जिम्मेदार कौन होगा। इसलिए इसकी शिकायत की है।
