Harda News: सरकारी स्कूल में घुटनों तक भरा बारिश का पानी, मासूमों की सुरक्षा पर सवाल
हरदा के केलनपुर गांव में बारिश के पानी से शासकीय प्राथमिक स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र जलमग्न हो गए हैं। परिसर में घुटनों तक पानी भरने से बच्चों और कर्मचारियों को परेशानी हो रही है। जर्जर भवन और जलनिकासी की समस्या के बावजूद शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
विस्तार
हरदा जिला मुख्यालय से महज 12 किलोमीटर दूर ग्राम केलनपुर में सरकारी तंत्र की उदासीनता का गंभीर मामला सामने आया है। यहां शासकीय प्राथमिक स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बारिश के पानी से जलमग्न हो गए हैं। स्कूल परिसर में घुटनों तक पानी भरने के कारण छोटे-छोटे बच्चों, शिक्षकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी से होकर बच्चों को स्कूल पहुंचना पड़ रहा है, जिससे उनकी सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार केलनपुर में बारिश के दिनों में हर साल यही स्थिति बनती है। खेतों और सड़कों का पानी सीधे स्कूल परिसर में पहुंच जाता है। पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से पूरा परिसर जलमग्न हो जाता है। वहीं स्कूल भवन की छत भी जर्जर होकर गलने लगी है और दीवारों की हालत भी खराब है। आंगनवाड़ी केंद्र का भवन भी जर्जर होने के कारण इसे प्राथमिक शाला के बरामदे में संचालित करना पड़ रहा है। ऐसे में छोटे बच्चों को बरामदे में बैठाकर गतिविधियां कराई जाती हैं। बारिश के दौरान परिसर में पानी भरने से बच्चों को बैठाना और आंगनवाड़ी का कामकाज संचालित करना मुश्किल हो जाता है।
ये भी पढ़ें- आज शिवपुरी-श्योपुर में भारी बारिश का अलर्ट, कल से पूर्वी एमपी जबलपुर-रीवा-शहडोल में तीन दिन झमाझम
