एमपी: ग्वालियर ट्रक हादसे के बाद ट्रामा सेंटर पहुंचे सिंधिया, बोले- पहले 24 घंटे घायलों को बचाना प्राथमिकता
ग्वालियर के शीतला माता मंदिर के पास ट्रक हादसे में 15 श्रद्धालुओं की मौत के बाद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ट्रामा सेंटर पहुंचे। उन्होंने घायलों का हाल जाना और कहा कि पहले इलाज, फिर जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई होगी।
विस्तार
ग्वालियर के शीतला माता मंदिर के पास ट्रक से कुचलकर 15 श्रद्धालुओं की मौत के बाद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया आज ट्रामा सेंटर पहुंचे। यहां उन्होंने घायलों से मुलाकात की और उनके इलाज की जानकारी ली। सिंधिया ने कहा कि अगले 24 घंटे घायलों को बचाना प्राथमिकता है। इसके बाद हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सिंधिया ने बताया कि हादसे में घायल 31 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इनमें से 13 लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया है, जबकि 15 लोगों की मौत हो चुकी है। फिलहाल तीन घायल अस्पताल में भर्ती हैं। इनमें से एक की हालत खतरे से बाहर है, जबकि दो की स्थिति गंभीर बनी हुई है। केंद्रीय मंत्री ने कहा, "नवरात्रि के दौरान मेरे जीवनकाल में ऐसी दर्दनाक घटना कभी नहीं हुई। अगले 24 घंटे हमारा पूरा ध्यान घायलों की हालत स्थिर करने और उन्हें बचाने पर है।"
पढ़ें: शीतला माता मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं को ट्रक ने कुचला, 15 की मौत, 26 घायल
उन्होंने बताया कि रात में ट्रक को ग्वालियर में प्रवेश की अनुमति कैसे मिली, इस संबंध में मुख्यमंत्री से चर्चा हुई है। मामले में तीन थाना प्रभारियों (टीआई) समेत कई लोगों को निलंबित किया जा चुका है। सिंधिया ने कहा कि इस मामले में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
