Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Dewas News ›   Investigation into the network extending as far as Gujarat in the TI murder case intensifies

देवास टीआई हत्याकांड: गुजरात में शराब तस्करी नेटवर्क की अहम कड़ी मोहिन जायसवाल की मौत, एसआईटी की जांच को झटका

Tue, 10 Nov 2026 06:30 PM IST
देवास ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देवास
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देवास Published by: देवास ब्यूरो Updated Tue, 10 Nov 2026 06:30 PM IST
सार

देवास टीआई दिलीप पुरी हत्याकांड में गुजरात के शराब तस्करी नेटवर्क की अहम कड़ी मोहिन जायसवाल की मौत हो गई। अब एसआईटी मनीष जायसवाल से पूछताछ कर रही है। आयशर चालक और क्लीनर समेत अन्य आरोपित भी पुलिस रिमांड पर हैं।

विज्ञापन
Investigation into the network extending as far as Gujarat in the TI murder case intensifies
देवास टीआई हत्याकांड - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

खातेगांव टीआई दिलीप पुरी गोस्वामी हत्याकांड में मध्यप्रदेश से गुजरात तक फैले अवैध शराब तस्करी नेटवर्क की जांच के बीच अहम आरोपित मोहिन जायसवाल की मौत हो गई है। अहमदाबाद में ब्रेन हेमरेज के बाद उपचार के दौरान रविवार को उसने दम तोड़ दिया। एसआईटी उससे पूछताछ के जरिए गुजरात में शराब तस्करी के नेटवर्क और कारोबार में शामिल लोगों की जानकारी जुटाने की तैयारी में थी।

विज्ञापन


उसकी मौत से पुलिस की जांच को झटका लगा है। अब पुलिस का फोकस गुजरात के बड़ौदा से गिरफ्तार मनीष जायसवाल और फरार पाटेंद्र जायसवाल पर है। इधर, टीआई को कुचलकर भागने वाले आयशर ट्रक के चालक गजेंद्र उर्फ अक्कू और क्लीनर धीरज को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद न्यायालय में पेश किया गया। दोनों को पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
विज्ञापन


मोहिन से पूछताछ में खुल सकता था गुजरात नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, मोहिन से पूछताछ में गुजरात में शराब तस्करी से जुड़े लोगों, कारोबार के संचालन और मध्यप्रदेश में फैले नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद थी। वह किन लोगों के संपर्क में था, शराब की खेप किन माध्यमों से गुजरात पहुंचती थी और वहां किन लोगों के जरिए खपाई जाती थी, इन बिंदुओं पर जांच आगे बढ़नी थी। करीब दो दिन उपचार के बाद उसकी मौत हो गई। सोमवार को उसका अंतिम संस्कार किया गया। मोहिन टिमरनी स्थित शराब दुकान में 30 प्रतिशत हिस्सेदार बताया जा रहा था। राहुल और मनीष की भी इसी दुकान में हिस्सेदारी बताई गई है। पुलिस अब तक मिले तथ्यों के आधार पर इन संबंधों और शराब परिवहन की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
विज्ञापन
विज्ञापन


पढ़ें: सात साल की मासूम से दुष्कर्म के बाद सिर कुचलकर हत्या, दोनों आरोपी हिरासत में

मनीष से पूछताछ में गुजरात नेटवर्क की तलाश
एसपी आदित्य मिश्रा ने बताया कि मनीष जायसवाल घटना के बाद से फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए देवास पुलिस की टीमें अलग-अलग प्रदेशों और जिलों में तलाश कर रही थीं। उसे गुजरात के बड़ौदा से गिरफ्तार कर देवास लाया गया है। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे 16 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। मनीष को शराब तस्करी नेटवर्क की अहम कड़ी माना जा रहा है। उससे कारोबार में शामिल अन्य लोगों, आर्थिक लेन-देन और गुजरात में शराब की खपत से जुड़े बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है। एक अन्य आरोपित पाटेंद्र जायसवाल अभी फरार है। उसकी बेटी और दामाद को भी पूछताछ के लिए थाने लाया गया है।

राहुल, कैरम और विजय का रिमांड बढ़ा
पुलिस ने मंगलवार को राहुल जायसवाल, कैरम सिंह और विजय राव को रिमांड समाप्त होने पर न्यायालय में पेश किया। राहुल और कैरम सिंह को 16 नवंबर तक, जबकि विजय राव को 13 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब तीनों से शराब तस्करी नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और अन्य लोगों की भूमिका के संबंध में पूछताछ करेगी। कैरम सिंह से अब तक शराब तस्करी के बैकवर्ड लिंक के संबंध में जानकारी जुटाई गई है।

आगे उससे गुजरात में शराब पहुंचाने, वहां खपाने और नेटवर्क में शामिल लोगों के बारे में पूछताछ की जाएगी। पुलिस टीम उसे लेकर दाहोद गई थी और अब वापस लौट रही है। विजय राव से भी लगातार पूछताछ की जा रही है। वह मनीष का करीबी बताया जा रहा है। उसके मोबाइल से भी महत्वपूर्ण सुराग मिलने की बात सामने आई है। पुलिस उसके संपर्कों और तस्करी नेटवर्क में उसकी भूमिका की पड़ताल कर रही है।

शराब दुकान के दस्तावेज जब्त, परिजनों से भी होगी पूछताछ
पुलिस ने राहुल जायसवाल की शराब दुकान से संबंधित एग्रीमेंट के दस्तावेज जब्त किए हैं। किरायानामे में राहुल के भाई पुनीत और पिता अरुण जायसवाल के नाम भी दर्ज हैं। पुलिस इनसे भी पूछताछ की तैयारी कर रही है। जांच में टिमरनी स्थित शराब दुकान की हिस्सेदारी और वहां से गुजरात भेजी जा रही शराब की खेप को अहम कड़ी माना जा रहा है।

अस्पताल से लौटे गजेंद्र-धीरज, न्यायालय में पेश
टीआई दिलीप पुरी की हत्या के बाद फरार हुए आयशर वाहन के चालक गजेंद्र उर्फ अक्कू और क्लीनर धीरज को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। देवास से खातेगांव ले जाते समय दोनों ने भागने का प्रयास किया था। इसके बाद पुलिस की शॉर्ट एनकाउंटर कार्रवाई में दोनों गोली लगने से घायल हो गए थे। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को इंदौर के अरबिंदो अस्पताल रेफर किया गया था।


आईसीयू में उपचार के बाद मंगलवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली। अरबिंदो अस्पताल की एंबुलेंस से दोनों को देवास जिला अस्पताल लाया गया। इसके बाद खातेगांव पुलिस वाहन से न्यायालय में पेश किया गया। एएसपी सौम्या जैन ने बताया कि दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश कर रिमांड लिया गया है। उनकी भूमिका का विश्लेषण कर आगे की जांच की जाएगी।

दुकान से गुजरात भेजी जा रही थी शराब की खेप
जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार, टिमरनी स्थित शराब दुकान से आयशर वाहन में शराब भरकर गुजरात भेजी जा रही थी। राहुल, मोहिन और मनीष की दुकान में 30 प्रतिशत हिस्सेदारी बताई जा रही है। अवैध शराब परिवहन रोकने की कार्रवाई के दौरान ही टीआई दिलीप पुरी वाहन की चपेट में आए थे। पुलिस अब दुकान के संचालन, शराब की खेप, आर्थिक लेन-देन और गुजरात में वितरण व्यवस्था की कड़ियां जोड़कर पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed