{"_id":"6aa3a065c4f1035f140ece2d","slug":"heavy-rain-in-damoh-causes-flood-like-situation-several-areas-submerged-damoh-news-c-1-1-noi1513-4711630-2026-09-11","type":"story","status":"publish","title_hn":"दमोह में बारिश का तांडव: कई कॉलोनियां जलमग्न, बांदकपुर में गिरे 10 मकान,नाव से लोगों को निकालने में जुटी SDERF","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दमोह में बारिश का तांडव: कई कॉलोनियां जलमग्न, बांदकपुर में गिरे 10 मकान,नाव से लोगों को निकालने में जुटी SDERF
Fri, 11 Sep 2026 04:40 PM IST
दमोह ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह
Published by: दमोह ब्यूरो
Updated Fri, 11 Sep 2026 04:40 PM IST
सार
ने जलभराव और तबाही के हालात पैदा कर दिए। कई कॉलोनियां पानी में डूब गईं, घरों में तीन फीट तक पानी भर गया और बांदकपुर में 10 से ज्यादा मकान गिर गए। एसडीईआरएफ ने नाव से रेस्क्यू कर लोगों को बाहर निकाला।
विज्ञापन
सड़क पर नाव से रेस्क्यू कर लोगों को ले जाती टीम
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जिले में गुरुवार रात से शुक्रवार सुबह तक हुई लगातार तेज बारिश ने शहर और ग्रामीण इलाकों में हालात बिगाड़ दिए हैं। करीब सात घंटे की बारिश के बाद सुभाष कॉलोनी, हिरदेपुर, सिद्धिविनायक कॉलोनी, वसुंधरा कॉलोनी, विवेकानंद नगर, मारुताल सहित कई इलाकों में जलभराव हो गया। कई घरों में तीन फीट तक पानी भर गया, जबकि कुछ सड़कों पर करीब चार फीट पानी जमा होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई।
विज्ञापन
स्थिति बिगड़ने के बाद प्रशासन, नगर पालिका, पुलिस और एसडीईआरएफ की टीमें सुबह करीब 5 बजे से प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचीं। कई स्थानों पर लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर सामुदायिक भवन और राहत शिविरों में पहुंचाया गया। वहीं बांदकपुर में जलभराव के चलते करीब 10 से अधिक मकानों के गिरने की सूचना सामने आई है। घटना से नाराज लोगों ने बांदकपुर-कटनी मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।
विज्ञापन
नाव लेकर पहुंची SDERF
भारी बारिश के कारण सुभाष कॉलोनी सहित कई इलाकों में घरों में पानी घुसने के बाद एसडीईआरएफ की टीम नाव लेकर प्रभावित इलाकों में पहुंची और घरों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी को सुरक्षित निकालकर सामुदायिक भवन में शिफ्ट कराया गया है। ज्यादा जलभराव वाले स्थानों पर पानी की निकासी की व्यवस्था भी कराई गई है।
विज्ञापन
हर साल बनते हैं ऐसे हालात
सुभाष कॉलोनी, सिद्धिविनायक कॉलोनी और हिरदेपुर क्षेत्र में जलभराव की समस्या नई नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान नालों और पानी की निकासी बाधित होने के कारण हर साल इसी तरह के हालात बनते हैं। रहवासियों के अनुसार क्षेत्र में नालों और जल निकासी के रास्तों पर अतिक्रमण भी समस्या का बड़ा कारण है। लोगों ने स्थायी जल निकासी व्यवस्था और अतिक्रमण हटाने की मांग की है। जलभराव वाले कुछ इलाकों में सुरक्षा के मद्देनजर बिजली आपूर्ति भी बंद की गई।
विधायक ने बाइक से लिया जायजा
हालात की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे पूर्व वित्त मंत्री एवं विधायक जयंत मलैया हिरदेपुर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर जलभराव की स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद विधायक ने मोटर साइकिल से गलियों में भ्रमण किया और बारिश के बीच प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने नगर पालिका, राजस्व विभाग सहित संबंधित अमले को जल निकासी की व्यवस्था कराने और प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें: नीमच में CBI का बड़ा एक्शन: 50 लाख के रिश्वत कांड में घिरे नारकोटिक्स अधिकारी, रिश्तेदार के खाते में ली रकम
बांदकपुर में 10 से ज्यादा मकान गिरे
लगातार बारिश के बाद बांदकपुर के दामादों मोहल्ला सहित कई इलाकों में पानी भर गया। जलभराव के कारण करीब 10 से अधिक मकानों के गिरने की सूचना है। मकान गिरने से नाराज लोगों ने बांदकपुर-कटनी मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे के काफी देर तक प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे थे। हालांकि बाद में राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। नायब तहसीलदार प्रीतम सिंह लोधी और पटवारी आशीष साहू ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया और लोगों से चर्चा की। अधिकारियों ने प्रभावित लोगों को शासन स्तर से नियमानुसार जल्द सहायता दिलाने का भरोसा दिया।
गुंजी-बांदकपुर रेलवे फाटक मार्ग पर नाला उफान पर
भारी बारिश के कारण गुंजी-बांदकपुर रेलवे फाटक मार्ग पर नाला उफान पर आ गया। जलस्तर बढ़ने के बाद सुरक्षा की दृष्टि से रेलवे स्टेशन स्टाफ ने मार्ग पर आवागमन प्रतिबंधित कर दिया। बांदकपुर स्टेशन चौराहे के पास बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। वहीं मार्ग से गुजरने वाला अंडरब्रिज भी पानी में डूब गया। इसके चलते लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा और कई लोग वैकल्पिक मार्गों से अपने गंतव्य की ओर जाते नजर आए।
पीजी कॉलेज के कार्यालयों में भी घुसा पानी
पीजी कॉलेज दमोह में भी भारी बारिश का असर देखने को मिला। कॉलेज के ऑफिस से लेकर प्राचार्य कक्ष तक पानी भरने की जानकारी सामने आई है। बारिश के कारण शैक्षणिक और प्रशासनिक गतिविधियां प्रभावित हुईं।
कलेक्टर ने 12वीं तक के स्कूलों में घोषित किया अवकाश
लगातार बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर ने जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया है। साथ ही प्रशासन ने जलभराव वाले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। तहसीलदार रॉबिन जैन ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर नगर पालिका सीएमओ, पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम जलभराव वाले क्षेत्रों में पहुंची और लोगों को सुरक्षित निकालकर सामुदायिक भवन में शिफ्ट कराया।
जल निकासी बनी बड़ी चुनौती
शुक्रवार सुबह बारिश थमने के बाद कई इलाकों में जलस्तर धीरे-धीरे कम होने लगा, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि कई क्षेत्रों में जलभराव और क्षतिग्रस्त मकानों के कारण स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी सड़क, बिजली और आवागमन प्रभावित होने की सूचना है।
बारिश ने एक बार फिर शहर की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रभावित लोगों ने प्रशासन से तत्काल राहत के साथ-साथ भविष्य में जलभराव रोकने के लिए स्थायी जल निकासी व्यवस्था कराने की मांग की है।
