Weather News: छिंदवाड़ा में मौसम का बदला मिजाज, अगले दिनों ओलावृष्टि और बारिश की संभावना; जानें हाल
Chhindwara Weather: मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, दो और तीन अप्रैल को गरज-चमक, बिजली गिरने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर ओले गिरने की भी आशंका है।
विस्तार
छिंदवाड़ा में बुधवार को मौसम में बदलाव देखने को मिला। न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बीते घंटे में 1.4 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में जिले में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा और हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।
विशेषज्ञों का कहना है कि तीन अप्रैल को छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट और मंडला जिलों में ओलावृष्टि हो सकती है। इसके अलावा, ग्वालियर, भिंड, दतिया समेत 16 जिलों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज आंधी चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, दो और तीन अप्रैल को गरज-चमक, बिजली गिरने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर ओले गिरने की भी आशंका है। चार और पांच अप्रैल को आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बूंदाबांदी होने की संभावना है।
पढ़ें: गुजरात ब्लास्ट में बच्चों समेत 18 की मौत, चार घायल, दो लापता, प्रदेश के दो जिलों से मजदूरी पर गए थे 24 लोग
तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हवा उत्तर-पूर्व, उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिशा में 2 से 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी।
मौसम विभाग ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से किसानों को ओलावृष्टि और तेज हवाओं से होने वाले नुकसान से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाने की हिदायत दी गई है। वहीं, वाहन चालकों से भी अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतें।
