छिंदवाड़ा न्यूज: पोला पर बैलों को नहलाने गए किसान के बेटे की डूबने से मौत, 8 घंटे बाद मिला शव
मध्य प्रदेश के पांढुर्णा जिले के सौसर में पोला पर्व के दिन दर्दनाक हादसा हो गया। ग्राम गोवारी वाधोना में बैलों को नहलाकर त्योहार के लिए सजाने गए एक किसान के बेटे की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र और पीड़ित परिवार में मातम छा गया। पोला पर्व को लेकर गांव में उत्साह का माहौल था, लेकिन हादसे की खबर फैलते ही त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं।
मिली जानकारी के अनुसार, किसान का बेटा पोला पर्व के लिए अपने बैलों को नहलाने और उन्हें सजाने के उद्देश्य से घर से निकला था। वह बैलों को लेकर मैंगनीज खदान के पास स्थित गड्ढे/नाले के पास पहुंचा था। इसी दौरान नाले के किनारे उसका पैर अचानक फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। युवक को संभलने का मौका नहीं मिला और वह पानी में डूब गया।
पढे़ं: एमपी में बनेंगे 4200 MW के दो परमाणु संयंत्र, देश का प्रमुख न्यूक्लियर पावर सेंटर बनने की तैयारी
युवक को पानी में डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल लोधीखेड़ा पुलिस और स्थानीय प्रशासन को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया।
एसडीआरएफ की टीम ने नाव और आधुनिक उपकरणों की मदद से गहरे पानी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। पानी की अधिक गहराई और बहाव के कारण रेस्क्यू टीम को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। करीब 8 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने युवक का शव पानी से बरामद कर लिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पोला पर्व के दिन हुए इस दर्दनाक हादसे से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
