Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Bhopal News ›   Uncovering a million-year-old history: MP’s first dating lab begins operations in Bhopal; soil and stones will

पता चलेगा दस लाख साल पुराना इतिहास: भोपाल में शुरू हुई एमपी की पहली डेटिंग लैब,मिट्टी-पत्थर बताएंगे अपना अतीत

Mon, 23 Nov 2026 03:13 PM IST
Sandeep Kumar Tiwari न्यूज डेस्क,अमर उजाला, भोपाल
न्यूज डेस्क,अमर उजाला, भोपाल Published by: Sandeep Kumar Tiwari Updated Mon, 23 Nov 2026 03:13 PM IST
सार

 भोपाल में शुरू हुई प्रदेश की पहली ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला से मिट्टी और खनिजों के नमूनों की 10 लाख साल तक पुरानी उम्र का पता लगाया जा सकेगा। इससे प्राचीन मानव जीवन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन पर शोध को नई दिशा मिलेगी।

विज्ञापन
Uncovering a million-year-old history: MP’s first dating lab begins operations in Bhopal; soil and stones will
ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

लाखों साल पहले धरती पर इंसान कैसे रहता था, उस समय पर्यावरण कैसा था और जलवायु में क्या बदलाव हुए थे, अब इन सवालों के जवाब वैज्ञानिक जांच से मिल सकेंगे। भोपाल में प्रदेश की पहली ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला शुरू हो गई है। यहां मिट्टी, खनिज और पुरातात्विक स्थलों से मिले अवशेषों की उम्र का पता लगाया जा सकेगा। इस तकनीक से करीब 10 लाख साल तक पुराने नमूनों का काल निर्धारण संभव है। खास बात यह है कि इस प्रयोगशाला में जांच के लिए पूरी तरह अंधेरा रखा जाता है और वैज्ञानिक लाल रोशनी में नमूनों का परीक्षण करते हैं। मध्य प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (मेपकास्ट) के विज्ञान भवन में डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर के नाम पर स्थापित इस प्रयोगशाला का सोमवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही प्रसिद्ध पुरातत्वविद् डॉ. वाकणकर के जीवन, शोध और उपलब्धियों पर आधारित विशेष गैलरी भी शुरू की गई है। इससे प्रदेश में पुरातत्व, भूविज्ञान और प्राचीन पर्यावरण के अध्ययन को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
विज्ञापन

विज्ञापन

अंधेरे कमरे में पता चलेगी मिट्टी और पत्थर की उम्र
इस प्रयोगशाला की सबसे बड़ी खासियत इसकी जांच प्रक्रिया है। मध्य प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद में रिसर्च एसोसिएट हलधर कुमार के मुताबिक, यहां सेडिमेंट यानी मिट्टी की परतों और उनमें मौजूद खनिजों की उम्र का आकलन किया जाता है। इसके लिए प्रयोगशाला में अंधेरा रखा जाता है। सामान्य रोशनी के बजाय हल्की लाल रोशनी में वैज्ञानिक नमूनों की जांच करते हैं। विशेष मशीनों और वैज्ञानिक तकनीक की मदद से यह पता लगाया जाता है कि संबंधित नमूना कितने हजार या लाख साल पुराना है। इस तकनीक का इस्तेमाल पुरातत्व और भूविज्ञान के साथ दूसरे शोध क्षेत्रों में भी किया जा सकता है। इससे किसी पुरातात्विक स्थल की उम्र निर्धारित करने और वहां मिले साक्ष्यों को ऐतिहासिक समयक्रम से जोड़ने में मदद मिलेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन


पहले का पर्यावरण और जलवायु भी समझ सकेंगे वैज्ञानिक
प्रयोगशाला का महत्व केवल पुरानी वस्तुओं की उम्र पता लगाने तक सीमित नहीं है। इसके जरिए लाखों साल पहले के पर्यावरण और जलवायु में हुए बदलावों का भी अध्ययन किया जा सकेगा। वैज्ञानिक नमूनों की उम्र निर्धारित करने के बाद उन्हें उस दौर की पर्यावरणीय परिस्थितियों से जोड़कर देख सकेंगे। इससे पता चलेगा कि अलग-अलग समय में जलवायु कैसी थी, धरती पर क्या बदलाव हुए और मानव जीवन किन परिस्थितियों में विकसित हुआ। रिसर्च एसोसिएट हलधर कुमार के अनुसार, इस प्रयोगशाला में प्राप्त होने वाले आंकड़ों को पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन के अध्ययन से भी जोड़ा जाएगा। इससे प्राचीन भूगर्भीय घटनाओं और मानव इतिहास को समझने में मदद मिलेगी।

भीमबेटका के खोजकर्ता की यादें और पत्थर के हथियार भी प्रदर्शित
प्रयोगशाला के साथ शुरू हुई डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर गैलरी में उनके जीवन और पुरातात्विक योगदान की झलक दिखाई देगी। इसमें उनके बनाए चित्रों की प्रतिकृतियां, प्रकाशित पुस्तकें, शोध साहित्य और भारतीय कला भवन उज्जैन से प्रकाशित सामग्री रखी गई है।
पद्मश्री पुरातत्ववेत्ता डॉ. नारायण व्यास ने बताया कि डॉ. वाकणकर के साथ काम करने के दौरान उनसे जुड़ी कई यादें और सामग्री उन्होंने सुरक्षित रखी थीं। इनमें आदिमानव के बनाए पत्थर के छोटे-बड़े औजार, हैंड एक्स, क्लीवर और पत्थर की कुल्हाड़ी भी शामिल हैं। इन वस्तुओं को भी गैलरी में प्रदर्शित किया गया है। डॉ. व्यास के मुताबिक, उन्होंने डॉ. वाकणकर के साथ भीमबेटका और भोपाल के आसपास पुरातात्विक सर्वेक्षण एवं शोध कार्य किया था। गैलरी में इन वस्तुओं को रखने का उद्देश्य नई पीढ़ी को डॉ. वाकणकर के काम और प्राचीन मानव सभ्यता के साक्ष्यों से परिचित कराना है।


देशभर के शोधार्थियों को मिलेगी सुविधा
मध्य प्रदेश में इस तरह की पहली प्रयोगशाला स्थापित होने से यहां के विद्यार्थियों, शोधार्थियों और वैज्ञानिकों को नमूनों की जांच के लिए दूसरे स्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इस प्रयोगशाला में देश के अलग-अलग हिस्सों से नमूने लाकर भी जांच कराई जा सकेगी। डॉ. नारायण व्यास के मुताबिक, देश में इस तरह की प्रयोगशालाएं पहले से मौजूद हैं, लेकिन मध्य प्रदेश में इसकी शुरुआत शोध के लिए महत्वपूर्ण कदम है। भविष्य में यहां कार्बन डेटिंग प्रयोगशाला स्थापित करने की भी योजना है।

यह भी पढ़ें-डायबिटीज के हर पांचवें मरीज की आंखों पर खतरा: बिना लक्षण खराब हो रही रोशनी, भोपाल के विशेषज्ञों ने दी चेतावनी

कालगणना पर राष्ट्रीय कार्यशाला भी
प्रयोगशाला के शुभारंभ के अवसर पर 'प्राचीन से आधुनिक काल तक वैज्ञानिक विधियों से कालगणना' विषय पर राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें भारतीय कालगणना परंपरा, प्राचीन खगोलीय ज्ञान और आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों के समन्वय पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में 'महाकाल : द मास्टर ऑफ टाइम' विषय पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया गया।


 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed