{"_id":"63941e21c4fb814dba2c3b0a","slug":"mp-politics-kamal-nath-promises-farmers-loan-waive-off-scheme-shivraj-raises-questions","type":"story","status":"publish","title_hn":"MP Politics: कमलनाथ बोले- भाजपा सरकार ने बंद की किसान कर्ज माफी योजना, शिवराज ने किया पलटवार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
MP Politics: कमलनाथ बोले- भाजपा सरकार ने बंद की किसान कर्ज माफी योजना, शिवराज ने किया पलटवार
Sat, 10 Dec 2022 11:20 AM IST
रवींद्र भजनी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
Published by: रवींद्र भजनी
Updated Sat, 10 Dec 2022 11:20 AM IST
सार
मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनावों के एक साल पहले राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। किसान कर्ज माफी के मुद्दे पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ आमने-सामने आ गए हैं।
विज्ञापन
सीएम शिवराज और कमलनाथ
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में एक साल से कम समय बचा है। इससे पहले ही किसान कर्ज माफी का मुद्दा फिर गरमा गया है। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने प्रदेश में सरकार बनने पर किसानों का कर्ज माफ करने का एलान कर दिया है। इस पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पलटवार किया है।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को कमलनाथ के कर्ज माफी वाले ट्वीट पर कहा कि उनकी ट्विटर की झूठी चिड़िया आज फिर उड़ गई। राहुल गांधी ने कहा था कि दस दिन में कर्ज माफ कर देंगे। सवा साल बाद भी नहीं कर पाए। काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती है। सवा साल में पूरा नहीं कर पाए अब क्या करेंगे?
विज्ञापन
कमलनाथ ने किया था ट्वीट
कमलनाथ ने ट्वीट किया था कि शिवराज सरकार द्वारा बंद की गई किसान कर्ज माफी की योजना मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार बनते ही फिर शुरू की जाएगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान किसान हित के नाम पर रोज कोई न कोई पब्लिसिटी स्टंट करते रहते हैं। अब उन्होंने किसान गौरव सम्मेलन करने का अभिनय किया है। मैं मुख्यमंत्री से जानना चाहता हूं कि जब कांग्रेस सरकार ने 27 लाख किसानों की कर्ज माफी कर दी थी तो आपने किसानों की कर्ज माफी क्यों रोक दी?
विज्ञापन
नाथ ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री से यह भी जानना चाहता हूं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2022 में किसानों की आमदनी दोगुनी करने का वादा किया था और 2022 का अंतिम महीना आ गया है। किसानों की आमदनी दोगुनी होनी तो दूर की बात है, लागत कई गुना बढ़ गई है। पूरे प्रदेश में किसान खाद के लिए बुरी तरह परेशान हो रहे हैं। झूठी घोषणाएं और आयोजन करने की जगह आप कम से कम एकाध बार तो किसान हित का कुछ अच्छा काम करिए?
