MP News: मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के 28वें चीफ जस्टिस बने सुरेश कुमार कैत, राज्यपाल ने दिलाई शपथ
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के 28वें चीफ जस्टिस की सुरेश कुमार कैत ने शपथ दली। राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने सुरेश कुमार कैत को चीफ जस्टिस की शपथ दिलाई।
विस्तार
जस्टिस सुरेश कुमार कैत ने बुधवार को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ ग्रहण की। वे मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के 28वें चीफ जस्टिस बने हैं। उन्हें राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने शपथ दिलाई। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी उपस्थित थे। कैत का कार्यकाल छह माह का रहेगा।
कैत दिल्ली हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश रह चुके हैं। मध्य प्रदेश में चीफ जस्टिस का पद 24 मई से खाली था। जस्टिस रवि मलिमठ के सेवानिवृत्त होने के बाद जस्टिस शील नागू और जस्टिस संजीव सचदेवा को कार्यवाहक चीफ जस्टिस बनाया गया था। 17 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाले कॉलेजियम ने सुरेश कुमार कैत को मप्र हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाने की अनुशंसा की थी। इसे राष्ट्रपति ने मंजूरी दे दी थी।
बता दें, चीफ जस्टिस सुरेश कुमार कैत हरियाणा के रहने वाले हैं। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से लॉ की डिग्री लेने के बाद 1989 में वकालत शुरू की थी। उन्हें 2008 में दिल्ली हाईकोर्ट में अतिरिक्त जज नियुक्त किया गया था और 2013 में स्थायी जज के पद पर पदोन्नत किया गया।
