फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Bhopal News ›   Congress goes on the offensive after Datia victory: Patwari calls it the bugle call for change; Umang, Kamal N

दतिया जीत के बाद कांग्रेस का हमला: पटवारी बोले- बदलाव का शंखनाद, उमंग, कमलनाथ और दिग्विजय ने भी साधा निशाना

Mon, 03 Aug 2026 07:02 PM IST
Sandeep Kumar Tiwari न्यूज डेस्क,अमर उजाला, भोपाल
न्यूज डेस्क,अमर उजाला, भोपाल Published by: Sandeep Kumar Tiwari Updated Mon, 03 Aug 2026 07:02 PM IST
सार

दतिया उपचुनाव में जीत के बाद कांग्रेस नेताओं ने इसे प्रदेश में बदलाव का संकेत बताया। जीतू पटवारी ने जनता, कार्यकर्ताओं, राहुल गांधी के नेतृत्व और सहयोगी दलों को जीत का श्रेय दिया, जबकि उमंग सिंघार, कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने भाजपा के अहंकार को हार की वजह बताते हुए जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार जताया।

विज्ञापन
Congress goes on the offensive after Datia victory: Patwari calls it the bugle call for change; Umang, Kamal N
कांग्रेस नेता - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

दतिया विधानसभा उपचुनाव में जीत के बाद कांग्रेस नेताओं ने इसे सिर्फ एक सीट की सफलता नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश की राजनीति में बदलाव का संकेत बताया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने अलग-अलग बयान जारी कर जीत का श्रेय जनता, कार्यकर्ताओं और सहयोगी दलों को दिया। वहीं भाजपा पर अहंकार, सत्ता के दुरुपयोग और जनभावनाओं की अनदेखी का आरोप लगाया।
विज्ञापन


पटवारी बोले- दतिया ने बदलाव का शंखनाद किया
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दतिया की जनता का आभार जताते हुए कहा कि इस जनादेश ने मध्यप्रदेश की राजनीति में बदलाव का शंखनाद किया है। उन्होंने कहा कि दतिया की जनता ने पूरे प्रदेश और देश को संदेश दिया है कि अहंकार, भ्रष्टाचार, सत्ता के दुरुपयोग और द्वेष की राजनीति को जनता स्वीकार नहीं करती। पटवारी ने कहा कि राहुल गांधी जिन मुद्दों को लगातार उठा रहे हैं, दतिया की जनता ने उन पर अपनी मुहर लगा दी है। उनके मुताबिक देश में राहुल गांधी के नेतृत्व को स्वीकार्यता बढ़ रही है और युवाओं के आंदोलनों, विशेषकर छात्रों से जुड़े मुद्दों को भी जनता का समर्थन मिला है।
विज्ञापन


समाजवादी पार्टी और कार्यकर्ताओं को दिया जीत का श्रेय
जीतू पटवारी ने समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि झांसी से लगे क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का पूरा सहयोग किया और इस जीत का श्रेय उन्हें भी जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पूरे महीने पूरी ताकत से चुनाव लड़ा। जिसे जो जिम्मेदारी दी गई, उसने पूरी निष्ठा से निभाई। उन्होंने दिग्विजय सिंह, उमंग सिंघार, कमलेश्वर पटेल, सचिन यादव, जयवर्धन सिंह, सिद्धार्थ मिश्रा सहित सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं की मेहनत की सराहना की।
विज्ञापन
विज्ञापन


भाजपा के दिग्गजों को घेरा
पटवारी ने कहा कि भाजपा ने इस चुनाव में पूरी ताकत झोंक दी थी। उन्होंने दावा किया कि करोड़ों रुपये खर्च किए गए, कई मंत्री लगातार दतिया में डटे रहे और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रह्लाद पटेल सहित कई बड़े नेता चुनाव प्रचार में जुटे रहे। इसके बावजूद जनता ने कांग्रेस के पक्ष में फैसला देकर भाजपा सरकार को स्पष्ट संदेश दिया।

राजेंद्र भारती पर बोले- अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं
राजेंद्र भारती के निष्कासन पर जीतू पटवारी ने कहा कि यह नई कांग्रेस है और पार्टी किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि संघर्ष के समय पार्टी उनके साथ खड़ी रही, टिकट वितरण में भी उनकी राय ली गई, लेकिन जब कोई पार्टी को नुकसान पहुंचाता है तो कार्रवाई करना जरूरी हो जाता है। उन्होंने इसे सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए स्पष्ट संदेश बताया।

उमंग सिंघार बोले- जनता ने अहंकार को हराया
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि दतिया में भाजपा की हार उसके अहंकार और जनभावनाओं की अनदेखी का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मां पीतांबरा देवी के आशीर्वाद और जनता के जनादेश ने साबित कर दिया कि लोकतंत्र में जनता से बड़ा कोई नहीं होता। उन्होंने कहा कि जब सत्ता जनसेवा से भटककर मनमानी और अहंकार का रास्ता अपनाती है तो जनता लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देती है। उनके अनुसार दतिया की जीत केवल चुनावी सफलता नहीं, बल्कि जनशक्ति की जीत और सत्ता के घमंड की हार है।

कमलनाथ बोले- बदलाव की शुरुआत दतिया से
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने दतिया की जनता, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत प्रत्येक कार्यकर्ता की मेहनत का परिणाम है।उन्होंने कहा कि दतिया की जनता ने सत्ता के दबाव के आगे झुकने से इनकार कर दिया। यह जीत केवल उपचुनाव का परिणाम नहीं, बल्कि प्रदेश और देश की बदलती राजनीतिक हवा का संकेत है। कमलनाथ ने कहा कि राहुल गांधी ने युवाओं और छात्रों के बीच जो जागरूकता पैदा की है, उसका असर अब समाज के हर वर्ग में दिखाई दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के शासन से हर वर्ग परेशान है और जनता परिवर्तन चाहती है। उनके अनुसार बदलाव की शुरुआत मां पीतांबरा की नगरी दतिया से हो चुकी है।


यह भी पढ़ें-दतिया में भाजपा की हार के पीछे असंतोष रहा सबसे बड़ा कारण,कांग्रेस को मिला जीत का रास्ता


दिग्विजय सिंह बोले- कार्यकर्ताओं की निष्ठा और जनता के भरोसे मिली जीत
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने दतिया की जनता को बधाई और धन्यवाद देते हुए कहा कि जिस विश्वास के साथ मतदाताओं ने 2023 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का समर्थन किया था, उसी भरोसे को उपचुनाव में भी कायम रखा और पार्टी को विजय दिलाई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने तमाम कठिनाइयों और संघर्षों के बावजूद पार्टी का साथ नहीं छोड़ा। यही उनकी निष्ठा, बहादुरी और कर्मठता का सबसे बड़ा प्रमाण है। दिग्विजय सिंह ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, प्रदेश संगठन और चुनाव में जुटे सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि उनके सामूहिक प्रयासों से कांग्रेस यह उपचुनाव जीत सकी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने हर कार्यकर्ता के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़ी रहेगी और जनता के विकास के लिए हरसंभव प्रयास करेगी। दिग्विजय सिंह ने नवनिर्वाचित विधायक घनश्याम सिंह को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वे जनता की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे और क्षेत्र के विकास के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे।


 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed