{"_id":"60c9ada88ebc3e6b7230d824","slug":"bhopal-municipal-corporation-buying-diesel-from-uttar-pradesh-saving-12-rupees-and-46-paise-on-every-liter","type":"story","status":"publish","title_hn":"महंगाई का तोड़: यूपी से डीजल खरीद रहा भोपाल नगर निगम, हर लीटर पर बचा रहा 12.46 रुपये","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
महंगाई का तोड़: यूपी से डीजल खरीद रहा भोपाल नगर निगम, हर लीटर पर बचा रहा 12.46 रुपये
Wed, 16 Jun 2021 01:22 PM IST
कुमार संभव
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
Published by: कुमार संभव
Updated Wed, 16 Jun 2021 01:22 PM IST
सार
झांसी में मंगलवार (15 जून) को डीजल 87.27 रुपये प्रति लीटर था, लेकिन नगर निगम को कंपनी की छूट के साथ डीजल 83.50 रुपये प्रति लीटर में मिला। ऐसे में निगम को एक लीटर डीजल पर 12.46 रुपये की बचत हुई।
विज्ञापन
लगातार बढ़ रहे पेट्रोल-डीजल के दाम
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों से मध्यप्रदेश में हर शख्स परेशान है। ऐसे में तेल के बढ़ते दाम से बचने के लिए भोपाल नगर निगम ने नया जुगाड़ निकाला है, जिससे सस्ते डीजल की खरीद की जा रही है। दरअसल, भोपाल नगर निगम अब उत्तर प्रदेश से डीजल खरीद रहा है, जिससे हर लीटर पर विभाग को 12.46 रुपये की बचत हो रही है। गौरतलब है कि मध्यप्रदेश में डीजल 95.96 रुपये प्रति लीटर है, जबकि नगर निगम कंपनी से मिलने वाली छूट का फायदा उठाते हुए झांसी से 83.50 रुपये प्रति लीटर में डीजल खरीद रहा है।
विज्ञापन
हर लीटर पर ऐसे बच रहे 12.46 रुपये
जानकारी के मुताबिक, झांसी में मंगलवार (15 जून) को डीजल 87.27 रुपये प्रति लीटर था, लेकिन नगर निगम को कंपनी की छूट के साथ डीजल 83.50 रुपये प्रति लीटर में मिला। ऐसे में निगम को एक लीटर डीजल पर 12.46 रुपये की बचत हुई।
विज्ञापन
एमपी-यूपी के टैक्स में इतना अंतर
बता दें कि अगर मध्यप्रदेश में एक लीटर डीजल खरीदा जाता है तो केंद्र सरकार इस पर 31 रुपये टैक्स लेती है, जबकि राज्य सरकार की झोली में 28 फीसदी यानी 23.38 रुपये टैक्स जाता है। उप्र में यही टैक्स 17.48 प्रतिशत है। भोपाल नगर निगम एक टैंकर में 18 हजार लीटर डीजल खरीदता है, जिसके लिए वह उप्र सरकार को रोजाना 2.6 लाख रुपये टैक्स दे रहा है। यदि यही डीजल मध्यप्रदेश सरकार से खरीदा जाता तो 4.2 लाख रुपये टैक्स देना पड़ता।
विज्ञापन
आम लोग भी कर रहे बॉर्डर के इलाकों का रुख
गौरतलब है कि सिर्फ भोपाल नगर निगम ही नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश में उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे जिलों में रहने वाले भी सस्ते पेट्रोल और डीजल के लिए यूपी के शहरों का रुख कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि अगर 20-25 किलोमीटर दूर जाने से डीजल-पेट्रोल पर 10 रुपये तक की बचत हो रही है तो यह घाटे का सौदा नहीं है।
खाली पड़े रहते हैं राज्य की सीमा वाले पेट्रोल पंप
बता दें कि मध्यप्रदेश के दतिया जिले की सीमा से 100 मीटर की दूरी पर उत्तर प्रदेश में हाईवे पर पहला पेट्रोल पंप है। यूपी वाले पेट्रोल पंप पर भीड़ रहती है, जबकि मध्यप्रदेश वाले पंपों पर सन्नाटा पसरा रहता है। दरअसल, दोनों राज्यों में पेट्रोल के दाम में 12 रुपये का अंतर इसके पीछे की सबसे बड़ी वजह है। यही हाल मध्यप्रदेश और राजस्थान व छत्तीसगढ़ की सीमा पर भी नजर आता है। दरअसल, इन दोनों राज्यों में पेट्रोल व डीजल के दाम मध्यप्रदेश से कम हैं।
