{"_id":"6a30e75f2a4407105609a55d","slug":"alleged-wife-murdered-for-the-sake-of-a-girlfriend-face-struck-with-a-shovel-to-conceal-identity-bhind-news-c-1-1-noi1227-4400015-2026-06-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bhind: फटे रेलवे टिकट ने खोला मर्डर का राज, प्रेमिका के लिए पत्नी को रास्ते से हटाया, चेहरा बिगाड़कर फेंका शव","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bhind: फटे रेलवे टिकट ने खोला मर्डर का राज, प्रेमिका के लिए पत्नी को रास्ते से हटाया, चेहरा बिगाड़कर फेंका शव
Tue, 16 Jun 2026 09:21 PM IST
भिन्ड ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भिंड
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भिंड
Published by: भिन्ड ब्यूरो
Updated Tue, 16 Jun 2026 09:21 PM IST
सार
भिंड पुलिस ने एक चर्चित हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी ने कथित रूप से अपने प्रेम संबंधों के चलते महिला की हत्या की साजिश रची थी।
विज्ञापन
पुलिस हिरासत में आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जिले के मेहगांव थाना क्षेत्र के पिपरौली गांव के पास बंबा में मिले 40 वर्षीय महिला के शव के मामले में पुलिस ने 10 दिन के भीतर सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी ने अपनी पुरानी प्रेमिका के साथ संबंध बनाए रखने के लिए महिला की हत्या कर दी थी। मेहगांव एसडीओपी संजय कोच्छा ने बताया कि 3 जून की सुबह पिपरौली गांव के समीप बंबा में एक महिला का शव मिला था। महिला के चेहरे पर गंभीर चोटें थीं, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा था।
विज्ञापन
घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को फटी हुई अवस्था में एक रेलवे टिकट मिला। टिकट के टुकड़ों को जोड़ने पर पता चला कि वह मथुरा से ग्वालियर की यात्रा का था। इसके बाद पुलिस ने जांच का फोकस रेलवे रूट और सीसीटीवी फुटेज पर केंद्रित किया। जांच टीम मथुरा पहुंची और करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। महिला की साड़ी के आधार पर उसकी पहचान से जुड़े सुराग मिले। फुटेज में उसके साथ एक युवक भी दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने ग्वालियर रेलवे स्टेशन और भिंड की ओर जाने वाले मार्गों के सीसीटीवी कैमरों की जांच की। जांच में पता चला कि महिला ग्वालियर से भिंड जाने वाली ट्रेन में सवार हुई थी और सोनी रेलवे स्टेशन पर उतरी थी, जहां उसके साथ दो युवक भी नजर आए।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: बैतूल में सड़क हादसा: टवेरा की टक्कर से दो युवतियों समेत तीन की मौत, सहेली को लेने गए थे; लौटते समय घटी घटना
विज्ञापन
पुलिस ने सुरागों के आधार पर अजनौल निवासी नारायण बघेल को हिरासत में लिया। जिसके बाद पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि करीब तीन वर्ष पहले सूरत में उसकी मुलाकात प्रतापगढ़ निवासी इंद्रावती से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और बाद में दंदरौआ स्थित मंदिर में विवाह भी किया था। पुलिस के अनुसार नारायण का भिंड निवासी संगीता बघेल के साथ भी लंबे समय से प्रेम संबंध में था। इंद्रावती लगातार उसके साथ रहने और वैवाहिक अधिकारों की बात कर रही थी। वहीं संगीता उस पर इंद्रावती से संबंध खत्म करने का दबाव बना रही थी। इसी विवाद से छुटकारा पाने के लिए नारायण ने अपने साथी इटावा निवासी कुंदन बाथम के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक आरोपी इंद्रावती को मथुरा, आगरा और ग्वालियर होते हुए सोनी रेलवे स्टेशन लेकर पहुंचे। वहां से शॉर्टकट रास्ते से मेहगांव और पिपरौली की ओर जाते समय सूनसान स्थान पर नारायण ने कथित रूप से इंद्रावती का गला घोंट दिया। इसके बाद कुंदन बाथम ने पहचान छिपाने के उद्देश्य से महिला के चेहरे पर फावड़े से कई वार किए। वारदात के बाद आरोपी शव को बंबा के पास छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
