{"_id":"658aaa45ffa87ef5b00ee36e","slug":"mp-news-teacher-accused-of-cruelty-to-girl-in-betul-2023-12-26","type":"story","status":"publish","title_hn":"MP News: टीचर के खिलाफ क्रूरता का आरोप, शिक्षिका बोली- बच्ची का पिता सायको है, आरोप निराधार, जानें पूरा मामला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
MP News: टीचर के खिलाफ क्रूरता का आरोप, शिक्षिका बोली- बच्ची का पिता सायको है, आरोप निराधार, जानें पूरा मामला
Tue, 26 Dec 2023 03:56 PM IST
अरविंद कुमार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बैतूल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बैतूल
Published by: अरविंद कुमार
Updated Tue, 26 Dec 2023 03:56 PM IST
सार
शिक्षिका ने बताया, बच्ची का पिता सायको है और वो उन्हें परेशान करता है। कई बार धमकी भी दे चुका है। मेरे ऊपर जो आरोप लगाए गए हैं, वह पूरी तरह से निराधार हैं।
विज्ञापन
संजीव श्रीवास्तव (डीपीसी)
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बच्चों के लिए शिक्षक उनके भविष्य के निर्माता होते हैं, लेकिन जब यही शिक्षक क्रूरता पर उतर आते हैं तो बच्चे स्कूल जाने में कतराने लगते हैं। ऐसी ही क्रूरता का एक मामला सामने आया है, जहां जनसुनवाई के दौरान पिता ने बच्ची के साथ पहुंचकर स्कूल टीचर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है कि उनकी बच्ची के साथ बाल खींचकर पिटाई की गई, जिसमें उसके बाल उखड़ गए। मामला सामने आने के बाद डीपीसी ने टीम गठित कर जांच कराने की बात कही है।
विज्ञापन
बता दें कि मामला खेड़ली बाजार के शासकीय बालक प्राथमिक शाला का है। जहां कक्षा चौथी में पढ़ने वाली चेतना बामने के पिता उमेश बामने ने मंगलवार को कलेक्टर की जनसुनवाई के दौरान आवेदन देकर शिकायत की है कि उसकी की बेटी चेतना के साथ स्कूल की टीचर पूर्णिमा साहू के द्वारा इंग्लिश नहीं आने पर मारपीट करते हुए बाल खींचे, जिससे बालिका के बाल उखड़ गए हैं और उसे बहुत दर्द हो रहा है।
विज्ञापन
घटना 15 दिसंबर की बताई जा रही है। उमेश बामने ने बताया कि टीचर यह भी बोलती है कि उसकी बेटी स्कूल नहीं जाती है। जबकि वह नियमित स्कूल जाती है। उसने शिकायत देरी से करने के पीछे कारण बताया कि चेतना की मां का निधन हो गया है और वह अकेले ही बेटी को पाल रहा है। इस कारण शिकायत करने में देरी हो गई है। जनसुनवाई के दौरान की गई शिकायत को डीपीसी संजीव श्रीवास्तव ने सुना और इसके बाद पूरे मामले की जांच के लिए टीम गठित की है।
विज्ञापन
डीपीसी श्रीवास्तव ने बताया कि स्कूल की टीचर पूर्णिमा साहू के खिलाफ इंग्लिश नहीं आने पर सजा देने के मामले में बाल खींचने और पिटाई करने का आरोप लगाया है। इसकी जांच की जा रही है और जो तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
बालक प्राथमिक शाला खेड़ली बाजार की शिक्षिका पूर्णिमा साहू से फोन पर बात की गई तो उन्होंने बताया कि बच्ची का पिता सायको है और वो उन्हें परेशान करता है। कई बार धमकी भी दे चुका है। मेरे ऊपर जो आरोप लगाए गए हैं, वह पूरी तरह से निराधार हैं। नहीं पढ़ने पर बच्चों के साथ डांट होती है, हो सकता है कि बच्ची को भी मैंने डांटा होगा। मुझे याद नहीं है, लेकिन मारपीट और बाल उखाड़ने जैसी कोई घटना नहीं हुई, जो आरोप लगाए जा रहे हैं।
