निराश्रित गोवंश के संरक्षण के लिए गो-सफारी बनाएगी योगी सरकार, ये है पूरा प्लान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
निराश्रित गोवंश संरक्षण के लिए सरकार प्रदेश के विभिन्न जिलों में गो-सफारी बनाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में निराश्रित गोवंश के संबंध में हुई बैठक में पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने गो-सफारी बनाने का प्रस्ताव रखा।
उन्होंने कहा कि जिन जिलों में पशुपालन विभाग के पास पर्याप्त भूमि है वहां गो-सफारी बनाया जा सकता है। इसमें 15-20 हजार गाय प्राकृतिक वातावरण में रह सकती हैं।
उन्होंने कहा कि बाराबंकी जिले में कमियार घाट पर 25 सौ एकड़ भूमि उपलब्ध है। इस पर गो-सफारी बनाई जा सकती है। मुख्यमंत्री ने गो-सफारी के प्रस्ताव में दिलचस्पी दिखाई है। उन्होंने इसे सकारात्मक ढंग से लेते हुए इसकी विस्तृत कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए हैं।
लक्ष्मी नारायण चौधरी ने बताया कि बाराबंकी के अलावा शाहजहांपुर में 392 एकड़ और महाराजगंज में लगभग 800 एकड़ जमीन उपलब्ध है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अन्य जिलों में यह देखा जाए कि जमीन की कितनी उपलब्धता है। उन्होंने बताया कि पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर कमियार घाट, बाराबंकी में गो-सफारी बनाने की कार्य योजना तैयार कराई जा रही है।
भविष्य में पर्यटन स्थल के रूप में किया जा सकता है विकसित
उन्होंने बताया कि गो-सफारी को भविष्य में पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सकता है। गो-सफारी में गायों को घूमने टहलने के लिए पर्याप्त स्थान मिलेगा। गो-सफारी में गोवंश के गोबर, गो-मूत्र आदि का सदुपयोग किया जा सकता है।
चौधरी ने बताया की विभागीय अधिकारियों को अन्य जिलों में भी भूमि तलाशने के लिए कहा गया है। योजना को क्रियान्वित करने के लिए विस्तृत कार्य योजना तैयार कराई जा रही है।