गाय के बिना पूरा नहीं होता कोई कर्मकांड, मुख्यमंत्री योगी ने गिनाए गोवंश के लए किए गए काम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि भारत में सनातन काल से ही गौ और गोवंश का विशेष महत्व रहा है। सभी देवी-देवताओं का निवास गौ में माना जाता है। गोवंश प्राचीन काल से ही भारतीय जीवनशैली का हिस्सा रहे हैं। हमारी संस्कृति में गाय को गौमाता कहा जाता है।
गाय के बिना कोई कर्मकांड पूरा नहीं किया जा सकता है। इसे ध्यान में रखते हुए उनकी सरकार ने गो संरक्षण व संवर्धन के लिए कई फैसले लिए हैं। अवैध बूचड़खानों व गोवंश तस्करी को प्रतिबंधित किया है।
मुख्यमंत्री ने अपने आवास पर ‘गो-लोक की ओर’ पुस्तक का विमोचन किया। उन्होंने प्रदेश के लोगों को गोपाष्टमी की शुभकामनाएं दीं। कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था में गोवंश के योगदान देने और गोवंश के प्रति सद्भावना विकसित करने के लिए 22 नवंबर को गोपाष्टमी पर पर प्रत्येक गौशाला में कार्यक्रम किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि इनमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों को बुलाया जाए। इस अवसर पर गोवंश का चिकित्सीय परीक्षण कराया जाएगा। छुट्टा घूम रहे गोवंश को संरक्षित करने का अभियान भी चलाया जाएगा। संरक्षित गोवंश की ईयर टैगिंग तथा टीकाकरण की कार्यवाही की जाएगी।
गोपालन, गो-आधारित अर्थव्यवस्था, गो-ग्रास के बारे में संवेदनशील बनाया जाएगा
योगी ने कहा कि इस आयोजन में मुख्यमंत्री निराश्रित/बेसहारा गोवंश सहभागिता योजना के तहत कुपोषित बच्चों के परिवारों को गो-आश्रय स्थलों से दुधारु गाय भी उपलब्ध कराई जाएगी। गोपालन, गो-आधारित अर्थव्यवस्था, गो-ग्रास के बारे में संवेदनशील बनाया जाएगा।
गोपालन के महत्व, गो-उत्पादों एवं गो-आधारित जैविक कृषि को बढ़ावा देने के संबंध में जनमानस को जागृत किया जाएगा।
उन्होंने पुस्तक के लेखकों संजय, श्याम नंदन, शिवानी मिश्रा, डॉ. पीके त्रिपाठी, डॉ. जयप्रताप सिंह, हेमचन्द्र, स्मिता मिश्रा, संजय तिवारी, उमाशंकर तथा सौरभ मिश्रा को सम्मानित किया। गोसेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम नंदन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने गौशालाओं को अर्थव्यवस्था से जोड़ा है।
8 लाख गोवंश को किया संरक्षित
सीएम ने कहा कि राज्य सरकार ने 8 लाख से अधिक गोवंश को संरक्षित किया है। संरक्षित गोवंश को अतिकुपोषित परिवारों को देने की व्यवस्था भी की गई है। खुरपका एवं मुंहपका के टीकाकरण का वृह्द अभियान शुरू किया गया है। गाय अर्थव्यवस्था का प्रमुख कारक है।
उत्तर प्रदेश, देश में सर्वाधिक दुग्ध उत्पादन करने वाला राज्य है। प्रदेश सरकार गौ आधारित खेती को प्रोत्साहित कर रही है, जिससे जीरो बजट खेती को एक नई गति मिली है।
गोबर से बन रहे सीएनजी प्लांट
मुख्यमंत्री ने कहा, उज्ज्वला योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को निशुल्क गैस कनेक्शन दिए गए हैं। यदि कोई परिवार दो गाय रख ले तो उससे प्राप्त गोबर से ही गैस रिफिलिंग की जा सकती है। गाय के गोबर से सीएनजी प्लांट भी स्थापित किए जा रहे हैं।