यूपी के उपचुनाव व मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अमित शाह से मिले योगी, कार्यवाहक अध्यक्ष भी रहे मौजूद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार रात दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष व केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। माना जा रहा है कि उनके बीच प्रदेश में 12 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव तथा मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चा हुई है। इस दौरान भाजपा के कार्यवाहक अध्यक्ष जेपी नड्डा और नए संगठन महामंत्री बीएल संतोष भी मौजूद रहे।
अमित शाह के आवास पर मुख्यमंत्री की इस मुलाकात को शाह के इसी महीने के आखिर में प्रस्तावित लखनऊ दौरे के मद्देनजर अहम माना जा रहा है। उपचुनाव वाली 12 सीटों में से 10 पार्टी की सिटिंग सीट हैं। एक-एक सीट सपा व बसपा के पास थी।
अब भाजपा के समक्ष अपनी सीटों को बरकरार रखने के साथ ही सपा-बसपा से सीटें छीनने की चुनौती है। प्रदेश भाजपा इन सीटों पर एक-एक मंत्री व एक-प्रदेश प्रदेश पदाधिकारी को प्रभारी बना चुकी है। कई सांसद अपनी रिक्त सीट पर परिवार या किसी नजदीकी को टिकट दिलाना चाहते हैं।
कैबिनेट में फेरबदल की अटकलें
लोकसभा चुनाव के बाद से योगी कैबिनेट में बड़े फेरबदल की अटकलें लगाई जा रही हैं। वजह है कि सांसद चुने गए तीन मंत्री इस्तीफा दे चुके हैं। सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर को भी मंत्री पद से हटाया जा चुका है। इस समय कुल 47 मंत्री है जबकि मुख्यमंत्री समेत 60 मंत्री बनाए जा सकते हैं। चर्चा है कि विभागों का पुनर्गठन करने के बाद मंत्रिमंडल में बड़ा फेरबदल होगा।
कुछ मंत्रियों को प्रमोशन, कुछ हटाए जाएंगे और कई मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है। माना जा रहा है कि इसी माह के अंत तक अमित शाह के लखनऊ दौरे में इस पर फाइनल चर्चा हो सकती है।