आप को मिला मोदी विरोधियों का साथ, पदयात्रा में शामिल होंगे यशवंत व शत्रुघ्न सिन्हा: संजय सिंह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद व यूपी के प्रभारी संजय सिंह ने कहा यूपी में संगठन को मजबूत करने के साथ ही केन्द्र व प्रदेश सरकार की नाकामियों को जनता तक पहुंचाने के लिए आंदोलन की रणनीति तैयार की गई है। इसके पहले चरण में वाराणसी से बलिया तक पदयात्रा करने का फैसला किया गया है। इस पदयात्रा को जन आंदोलन का नाम दिया गया है।
संजय सिंह ने कहा कि शुरूआती कार्यक्रमों में भाजपा के दिग्गज नेता रहे यशवंत सिन्हा और भाजपा के खिलाफ बगावती तेवर दिखाने वाले सांसद शत्रुघ्न सिन्हा भी शामिल होंगे। इस पदयात्रा में दोनों सरकारों की गलत नीतियों व जनहित के मुद्दे पर सरकार को घेरा जाएगा।
वीवीआईपी गेस्ट हाउस में रविवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए संजय सिंह ने कहा कि इसके अलावा प्रदेश के सभी जोन में भी पदयात्रा का कार्यक्रम तय किया गया है। पदयात्रा के दौरान मुख्य मुद्दों में महंगाई, बेरोजगारी, किसानों को डेढ़ गुना दाम देने, रेहड़ी पटरी दुकानदारों के उत्पीड़न की समस्या, स्कूलों की महंगी फीस, गंगा सफाई, बुनकरों की समस्या, पुरानी पेंशन व्यवस्था की बहाली, संविदा कर्मियों को परमानेंट करने की मांग और शिक्षामित्रों के मामले को उठाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित यात्रा के संबंध में लखनऊ में रविवार को पदाधिकारियों के साथ बैठक भी की गई है, जिसमें पश्चिमी यूपी, रूहेलखंड, अवध, बुंदेलखंड और पूर्वांचल प्रांतों में भी पदयात्रा करने की रूपरेखा तैयार की गई।
उप चुनाव में सपा व रालोद को मिला आप का समर्थन
आप सांसद ने भाजपा के खिलाफ कैराना में रालोद और नूरपुर उपचुनाव में सपा उम्मीदवार को समर्थन की घोषणा की। उन्होंने कहा समर्थन देने के फैसले पर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने ट्वीट कर आम आदमी पार्टी को धन्यवाद भी दिया है।
उन्होंने कहा कि समाज में नफरत फैलाने वाली सांप्रदायिक शक्तियों के खिलाफ सभी धर्मनिरपेक्ष राजनीतिक दलों को एक होना चाहिए। इसी उद्देश्य से आम आदमी पार्टी ने रालोद व सपा को समर्थन देने का फैसला किया है।