राज्यपाल-सीएम की मौजूदगी में योग दिवस का रिहर्सल आज
राज्यपाल राम नाईक और सीएम योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में सोमवार को रमाबाई अंबेडकर मैदान में योग दिवस का रिहर्सल होगा।
राज्यपाल व सीएम के साथ सुबह 6.30 बजे से करीब 50 हजार लोग इस मौके पर योग करेंगे। रिहर्सल एसपीजी की सुरक्षा निगरानी में ही होगा। 21 जून को विश्व योग दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ यहां लोग योगासन करेंगे।
जिला प्रशासन और एलडीए के अफसरों के मुताबिक 48 घंटे पहले यह फुल ड्रेस रिहर्सल किया जा रहा है। इसके लिए मुख्य कार्यक्रम की तरह ही सभी योग करने वाले प्रतिभागियों को बुलाया गया है। ऐसे में करीब 50,000 लोगों के सोमवार को एक साथ योग करने के लिए आ सकते हैं।
इसमें लखनऊ से बाहर के प्रतिभागियों को भी बुलाया गया है। इससे प्रतिभागियों को 21 जून को अपनी तय जगह तलाशने में आसानी होगी तो मुख्य कार्यक्रम के दिन अनुशासन और बेहतर सामंजस्य भी बिठाने में मदद मिलेगी।
सुबह से ही अफसर तैयारियों में जुटे रहे
फुल ड्रेस रिहर्सल की तैयारियां परखने के लिए सुबह से ही वरिष्ठ अधिकारी जुटे रहे। कार्यक्रम की नोडल संस्था एलडीए के वीसी प्रभु एन सिंह खुद मौके पर व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने केलिए पहुंचे।
वहीं तैयारियां पूरी कराने के लिए सुबह ही मंडलायुक्त अनिल गर्ग और डीएम कौशलराज शर्मा पहुंच गए। वहीं एसपीजी ने भी पूरे मैदान की सुरक्षा जांच स्थानीय पुलिस और दूसरे सुरक्षा बलों के साथ की। पूरे मैदान में योग मैट लगाने का काम भी देर रात तक पूरा कर लिया गया।
रात दो बजे से ही शुरू हो गई एंट्री
रिहर्सल केलिए प्रतिभागियों की एंट्री रात में दो बजे से ही शुरू हो गई। प्रतिभागियों के आसानी से आने के लिए संबंधित पुलिस अधिकारियों और ग्रुप लीडरों के फोन नंबर उपलब्ध करवाए गए। ताकि प्रतिभागियों को लेकर आने वाली संस्थाओं को आवागमन में किसी तरह की समस्या न आए।
अफसरों ने बताया कि सुबह 5.50 बजे रमाबाई रैली स्थल के गेट बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी को भी स्थल पर प्रवेश करने की इजाजत नहीं होगी। योग के लिए सभी प्रतिभागी उसी क्रम व स्थान पर बैठाए जाएंगे जहां 21 जून को उन्हें बैठना है। वहीं प्रवेश व्यवस्था, वाहनों की पार्किंग, अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी भी यथावत रहेगी।
जूस, केला, बिस्कुट का मिलेगा नाश्ता
फुल ड्रेस रिहर्सल में भी मुख्य कार्यक्रम की तरह नाश्ता का वितरण होगा। इसके लिए रात में एलडीए और जिला प्रशासन की टीमों ने नाश्ते के पैकेट पैक कराए। एक अफसर ने बताया कि नाश्ते के पैक में बिस्कुट का एक पैकेट, जूस का टेट्रापैक और एक केला रखा गया है। यही नाश्ता 21 जून को होने वाले कार्यक्रम में भी बंटेगा। इसके लिए 20 जून की रात में पैकेट बनवाए जाएंगे।
पहचान पत्र अनिवार्य
मंडल आयुक्त ने स्पष्ट किया कि रिहर्सल के दौरान सभी प्रतिभागी और अतिथि अपने आमंत्रण पत्र, योग दिवस के लिए बनाए गए परिचय पत्र तो साथ लाएं ही, अपना एक पहचान पत्र भी साथ रखें, जिसमें आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, मतदाता पहचान पत्र, संस्था का परिचय पत्र शामिल हैं। इनका उपयोग जांच के दौरान पहचान सुनिश्चित करने के लिए होगा।
एसपीजी ने रेन कवर लगाने से किया इन्कार
21 जून को बारिश की संभावना के बीच अब सुरक्षा को देखते हुए एसपीजी ने पूरे मैदान में रेनकवर लगाने से मना कर दिया है। ऐसे में बारिश होने पर खुले में भीगते हुए ही प्रतिभागियों को योग करना होगा। केवल वीवीआईपी के लिए ही स्विस काटेज में बारिश से बचने की व्यवस्था रहेगी।