मोदी सरकार से हुई मांग 'दादरी नहीं दाल'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी में जरूरतमंद नागरिकों को सस्ता राशन न मिलने के विरोध में सैकड़ों महिलाओं ने राजधानी में रैली निकाली और जवाहर भवन पर एक घंटे धरना दिया। इस दौरान उन्होंने मुख्य द्वार जाम कर दिया और किसी को अंदर-बाहर आने जाने नहीं दिया।
एडवा के बैनर तले हुए इस प्रदर्शन में देश में बढ़ रही सांप्रदायिकता के खिलाफ भी महिलाएं मुखर होकर बोलीं और दादरी नहीं दाल चाहिए जैसे नारे लगाए।
अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति द्वारा आयोजित यह रैली परिवर्तन चौक से शुरू हुई और हजरतगंज होते हुए जवाहर भवन में खाद्य आयुक्त कार्यालय के बाहर पहुंची। इस दौरान महिलाएं जबरदस्त नारेबाजी करती रहीं और जवाहर भवन के मुख्य द्वार पर सभी ने जमा होकर जाम लगा दिया।
इस दौरान एडवा की प्रदेश अध्यक्ष मधु गर्ग ने सभी को संबोधित किया और बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा पिछले कई वर्षों से लटकाए जा रहे खाद्य सुरक्षा कानून को तत्काल लागू करने की जरूरत आ गई है। एक ओर मौसम की वजह से किसानों और गरीबों के लिए जीवन दुश्वार हो चुका है, तो वहीं मध्यम वर्ग भी अब महंगाई से त्रस्त है।
एडवा जिला सचिव सीमा राना और सुमन सिंह ने कहा कि यह प्रदर्शन केंद्र सरकार की गलत नीतियों की वजह से हालात लगातार बिगड़ रहे हैं।
ये रखी गईं मांगें
वहीं, पिछले दो वर्षों से कई दफा राशन कार्ड फॉर्म भरवाए गए, लेकिन गरीबों का कोई कार्ड नहीं बना, ना ही उन्हें अनाज मिल रहा है। करीब एक घंटे के धरने के बाद खाद्य उपआयुक्त ने मौके पर आकर महिलाओं से ज्ञापन लिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि दिसंबर 2015 तक खाद्य सुरक्षा कानून के तहत सभी को राशन मिलना सुनिश्चित कर दिया जाएगा।
ज्ञापन में मांगें
प्रदेश की गरीबी और पिछड़ापन को देखते हुये केवल आयकर भुगतान करने वालों को छोड़कर सभी को खाद्य सुरक्षा कानून का लाभ दिया जाए।
दालों की बढ़ती कीमतों का बड़ा कारण जमाखोरी है जमाखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और प्रदेश में आवश्यक खाद्य वस्तु अधिनियम लागू किया जाए।
सस्ते राशन में गेहूं, चावल मोटे अनाज के साथ दाल व तेल भी राशिन में शामिल करें।
कानून को पारदर्शी बनाया जाए और इसके विभिन्न कायदे सभी के सामने रखे जाएं।
घरेलू कामगारों, मजदूरों, विकलांगों, विधवा व एकल महिला को स्वत: ही इस कानून का लाभ मिले।
खाद्य सुरक्षा कानून के अंतर्गत जारी सूची में नये राशन कार्ड के फॉर्म भरने वालों के नाम नहीं हैं, इन्हें जोड़ा जाए।