लखनऊ की सड़कों पर महिलाएं चलाएंगी रिक्शा
शहर की सड़कों पर बहुत जल्द ई-रिक्शा चलाते हुए महिलाएं नजर आएंगी। इसके लिए महिलाओं ने बुधवार को संभागीय परिवहन कार्यालय में ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) का आवेदन किया है।
परिवहन विभाग ने इन महिलाओं को सबसे पहले लर्निंग डीएल जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं 10 ई-रिक्शा का रजिस्ट्रेशन करने के लिए भी आवेदन आए हैं।
संभागीय परिवहन अधिकारी सगीर अहमद के मुताबिक, पहले दिन कानपुर रोड के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित संभागीय कार्यालय में आठ महिलाओं ने ई-रिक्शा (बैटरी रिक्शा) चलाने के लिए लर्निंग डीएल मांगा है।
आठ महिलाओं ने डीएल के लिए अप्लाय
इनमें सबसे पहले आवेदन करने वाली ललिता है जिसके बाद पुष्पा,ममता,नसीमा एवं सुमन ने डीएल के लिए फॉर्म जमा किया। जबकि ई-रिक्शा संचालन के लिए कुल 15 डीएल के आवेदन आएं जिनमें आठ महिलाएं हैं।
सगीर अहमद ने बताया कि इन महिलाओं को औपचारिकताएं पूरी कराने के बाद लर्निंग डीएल बनाकर जारी कर दिए जाएंगे जिनका एक माह से छह माह के भीतर परमानेंट कर दिया जाएगा। लर्निंग डीएल को परमानेंट करने से पहले महिलाओं का टेस्ट होगा।