लापरवाही: डिलीवरी के बाद स्ट्रेचर से गिरकर महिला की मौत, जमकर हंगामा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फैजाबाद जिले के महिला अस्पताल में डॉक्टरों व कर्मचारियों की लापरवाही थमने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार को सुबह प्रसव के बाद लेबर रूम में स्ट्रेचर से गिरकर महिला की मौत हो गई। इससे गुस्साए परिवारीजनों ने लेबर रूम में ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्यकर्मियों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। इस बीच सीएमएस से भी उनकी नोक-झोंक हुई। मौके पर पुलिस व उच्चाधिकारी भी पहुंचे। परिवारीजनों की मांग पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस मामले की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी गई है।
इनायतनगर थाना क्षेत्र के किनौली गांव निवासी शिवनाथ ने अपनी पत्नी शिवपती (32) को प्रसव पीड़ा होने पर शुक्रवार रात करीब दो बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। सुबह करीब छह बजे बेटा पैदा हुआ। नवजात की हालत ठीक न होने पर डॉक्टर ने उसे एसएनसीयू में भर्ती करने की सलाह दी। इस बीच लेबर रूम में ही प्रसूता की मौत हो गई। इससे तीमारदार आक्रोशित हो गए।
उन्होंने ड्यूटी पर तैनात डॉ. प्रियंका जैन, स्टाफ नर्स कल्पना त्रिपाठी व आया सुधा पर लापरवाही का आरोप लगाया। महिला के भाई निरालानगर निवासी रामू यादव ने बताया कि लेबर रूम में प्रसूता को अकेला छोड़ दिया गया, जिससे स्ट्रेचर से प्रसूता गिर गई और रक्तस्राव होने लगा। चीख सुनकर पति शिवनाथ अंदर गए और प्रसूता को उठाने का प्रयास किया। असमर्थ होने पर स्टाफ नर्स आदि को बुलाने लगे, लेकिन कोई स्वास्थ्यकर्मी मौके पर नहीं आया। इस बीच तड़प-तड़प कर लेबर रूम में ही उसकी मौत ही गई। पत्नी की ये दशा देखकर शिवनाथ बेहोश हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कार्रवाई के लिए अड़े रहे परिवारीजन
इसके बाद परिवारीजनों ने शव न ले जाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। सीएमएस डॉ. श्रीकांत शुक्ला व अन्य डॉक्टरों से भी परिवारीजनों की नोक-झोंक हुई।
सूचना पर सीओ सिटी धनंजय कुशवाहा, कोतवाल नगर अमर सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट, डिप्टी सीएमओ डॉ. सीबी द्विवेदी आदि मौके पर पहुंचे और परिवारीजनों को शांत कराया, लेकिन के लिए कार्रवाई के लिए अड़े रहे।
प्रशासन ने मृतका का पोस्टमार्टम कराने का निर्देश दिया। परिवारीजनों ने इस मामले की तहरीर डॉक्टर, स्टाफ नर्स व आया के खिलाफ दी है। नगर कोतवाल अमर सिंह ने बताया कि महिला के परिवारीजनों ने तहरीर दी है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार मामला डॉक्टर से जुड़ा होने के कारण प्रथम दृष्टया जांच की जा रही है। यदि आरोप सही पाए गए तो केस दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।