शराबी पति को डरा रही थी, धोखे में गई जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कानपुर के ग्वालटोली में पति को डराने के चक्कर में एक महिला की जान चली गई। वह खुद पर केरोसिन डालकर पति को डरा रही थी कि अगर शराब नहीं छोड़ी तो वह जान दे देगी।
इसी दौरान महिला ने माचिस जलाई, जिससे शरीर में आग लग गई। वह धू-धू कर जलने लगी। पत्नी को लपटों से घिरा देख पति का नशा उड़ गया।
आग बुझाने के बाद उसने पत्नी को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया पर डॉक्टर उसकी जान नहीं बचा सके। सोमवार की सुबह महिला की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि अहिराना ग्वालटोली निवासी लालजी लालजी शराब के लती है। उनकी इस लत से पत्नी सविता रानी पाल परेशान थीं। 4 मई को लालजी शराब पीकर घर पहुंचे। सविता ने पति को डराने के लिए खुद केरोसिन डाल लिया।
माचिस हाथ में लेकर कहा कि आप शराब नहीं छोड़ेंगे तो जान दे देंगे। सविता ने जैसे ही माचिस जलाई उसके शरीर में आग लग गई।
छिड़कने के बाद खतरनाक हो जाता है केरोसिन
लालजी की आंखों के सामने वह लपटों से घिर गई। यह देख लालजी के होश उड़ गए। उसने किसी तरह आग बुझाई। फौरन पत्नी को हैलट में भर्ती कराया। सोमवार सुबह अस्पताल में इलाज के दौरान सविता की मौत हो गई।
ग्वालटोली एसओ का कहना है कि अगर सविता के मायकेवाले कोई तहरीर देंगे तो मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला खुदकुशी का प्रतीत हो रहा है।
ऐसी घटनाएं कई बार सामने आईं है कि लोगों को ध्यान खींचने या सबक सिखाने के उद्देश्य से केरोसीन डालकर आत्महत्या का अभिनय करने वाले लोग आग का शिकार हो जाते हैं।
अमूमन लोगों की धारणा है कि केरोसीन अत्याधिक ज्वलनशील नहीं है। यही सोचकर वे केरोसीन डालकर आग लगाते हैं कि आग जब तक भड़केगी, तब तक लोग बुझा देंगे, मगर होता उल्टा है।
दरअसल, केरोसीन छिड़कने के साथ वह वाष्पित होकर गैस में तब्दील होने लगता है और ज्योंही एक चिंगारी भी संपर्क में आती है, पेट्रोल की तरह आग एकदम से भड़क उठती है।