यूपीः पेंशन पाने वालों के लिए एक बड़ी खुशखबरी, बढ़ेगी राशि
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश सरकार विधवा पेंशन की धनराशि बढ़ाने जा रही है। इसमें 100 से 200 रुपये तक की बढ़ोतरी हो सकती है। यानी विधवा पेंशन 300 रुपये महीने के बजाय 400 से 500 रुपये महीना तक मिलेगी।
बता दें पति की मृत्यु के बार गरीब निराश्रित महिलाओं को सरकार विधवा पेंशन देती है। इसमें केंद्र व प्रदेश दोनों ही सरकारों का हिस्सा होता है।
सूबे में अभी तक 17 लाख महिलाओं को ही पेंशन देने का लक्ष्य था, लेकिन केंद्र सरकार ने यूपी के लक्ष्य में साढ़े पांच लाख और बढ़ा दिया है। वहीं राज्य सरकार ने भी अपना लक्ष्य थोड़ा बढ़ाया है।
ऐसे में अब सूबे की करीब 23.50 लाख महिलाओं को विधवा पेंशन दी जाएगी। बढ़े हुए लक्ष्य के अनुसार, डीएम को अपने-अपने यहां विधवा पेंशन फॉर्म भरवाने के निर्देश दे दिए गए हैं।
बीपीएल श्रेणी में आय की लिमिट भी बढ़ी
निदेशक महिला कल्याण राम केवल ने बताया कि विधवा पेंशन की पात्रता के लिए बीपीएल परिवारों के अधिकतम सालाना आय सीमा को 19 हजार रुपये से बढ़ाकर 46 हजार रुपये कर दिया गया है। वहीं शहरी क्षेत्रों में 25 हजार की आय सीमा को बढ़ाकर 54 हजार रुपये कर दिया गया है। इससे अभी काफी संख्या में लाभार्थी मिल जाएंगे।
सूबे में विधवा पेंशन को समाजवादी पेंशन योजना से कड़ी चुनौती मिल रही है। दरअसल, समाजवादी पेंशन योजना में घर की महिला मुखिया को 500 रुपये महीना मिल रहा है। जबकि विधवा पेंशन में महज 300 रुपये महीना का प्रावधान है।
जबकि पेंशन योजना की शर्त यह है कि लाभार्थी केवल एक ही पेंशन ले सकती हैं। इसलिए ज्यादातर महिलाएं समाजवादी पेंशन योजना का लाभ लेना ज्यादा पसंद कर रही हैं। इस कारण जिलों में विधवा पेंशन योजना के लिए लाभार्थी ही नहीं मिल रहे हैं। बढ़ा हुआ लक्ष्य सरकार के लिए चुनौती बन गया है।
दोगुना हो जाएगा विधवा पेंशन का बजट
मौजूदा समय में 17 लाख विधवा महिलाओं को पेंशन देने के लिए 612 करोड़ का बजट है। पेंशन का लक्ष्य बढ़ाने के साथ ही इसकी राशि भी बढ़ाई जा रही है। इससे बजट दोगुना तक हो जाएगा।
अब 23.50 लाख विधवाओं को पेंशन देने की योजना है। ऐसे में अगर 400 रुपये प्रतिमाह पेंशन होती है तो 1128 करोड़ खर्च आएगा। वहीं पेंशन 500 रुपये महीना होती है तो 1410 करोड़ रुपये खर्च करने होंगे।
यह बात सही है कि समाजवादी पेंशन योजना के कारण विधवा पेंशन योजना में लाभार्थी नहीं मिल रहे हैं। इसका मुख्य कारण समाजवादी पेंशन योजना में ज्यादा पैसा मिलना है। हमलोग भी विधवा पेंशन बढ़वाने का प्रस्ताव भेज रहे हैं। इसके बढ़ने से गरीब महिलाओं को काफी फायदा होगा।
रेणुका कुमार प्रमुख सचिव महिला कल्याण